कुरुक्षेत्र के दौरे पर रहेंगे पीएम मोदी, गुरु तेग बहादुर की शहीदी दिवस कार्यक्रम में लेंगे भाग; सिक्योरिटी हाई अलर्ट

प्रधानमंत्री सिखों के नौवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में भाग लेंगे। शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में एक विशेष सिक्का और स्मारक डाक टिकट जारी करेंगे। पीएम की आगवानी को लेकर कुरुक्षेत्र में सिक्योरिटी अलर्ट पर है।

चंडीगढ़ : गुरु श्री तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस समागम और अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2025 के लिए 25 नवम्बर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुरुक्षेत्र के दौरे पर होंगे। पीएम की आगवानी को लेकर जिले में हाई-अलर्ट है। खासकर, वीवीआईपी सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए व्यापक और बहु-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। जानकारी के मुताबिक, 14 आईपीएस, 54 डीएसपी और विभिन्न जिलों से आई महिला एवं पुरुष टुकड़ियों सहित लगभग 5,000 पुलिस कर्मियों को सुरक्षा ड्यूटी पर लगाया गया है। शहीदी दिवस समागम स्थल, अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव परिसर से लेकर प्रधानमंत्री के पूरे रुट तक सुरक्षा ड्यूटियां दिन-रात की शिफ्टों में तैनात हैं।

PM Modi

पीएम मोदी (फोटो-ट्विटर)

डीजीपी ओपी सिंह ने सुरक्षा को लेकर दिया सख्त संदेश

पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह ने सोमवार को कार्यक्रम स्थलों के निरीक्षण के बाद अधिकारियों की बैठक लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान ड्यूटी में जरा-सी भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के रुट और मुख्य कार्यक्रम स्थलों पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस जवान तैनात रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से लैस करते हुए मुख्य मार्गों, चौराहों और भीड़ वाले बिंदुओं पर हाई-रिज़ॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी “तीसरी आँख” हर गतिविधि पर रियल-टाइम निगरानी रखेगी।

End of Feed