Chandigarh: चंडीगढ़ में अपने ही भाई और भाभी की हत्या करने वाले पंजाब पुलिस के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (एएसआई) को कोर्ट ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। इस आरोपित पुलिस कर्मी ने बीते साल बिजली-पानी बिल को मामूली विवाद में अपने भाई-भाभी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दिया थी। चंडीगढ़ जिला अदालत के एडिशनल सेशन जज राजीव बेरी की कोर्ट ने इस मुकदमे की सुनवाई करते हुए बीते 9 नवंबर को एएसआई 44 वर्षीय हरसरूप को दोषी माना था। अब कोर्ट ने हत्या के दोषी को उम्रकैद की सजा और 25 हजार रुपये का जुर्माना सुनाया है।
डबल मर्डर करने वाले पुलिसकर्मी को हुई उम्रकैद (प्रतीकात्मक तस्वीर)
कोर्ट में हुई ट्रायल के अनुसार, इस दोषी पुलिसकर्मी ने अपने छोटे भाई प्रेम ज्ञान सागर और उसकी पत्नी दिव्या की 22 जून 2021 को चंडीगढ़ के रामदरबार कॉलोनी में चाकू मारकर हत्या कर दी थी। दोषी हरसरूप और मृतक भाई प्रेम अपने पिता द्वारा खरीदे मकान में एकसाथ रहते थे। दोषी हरसरूप अपने बेटा, बेटी और पत्नी के साथ मकान के ग्राउंड फ्लोर पर रहता था। वहीं, छोटा भाई प्रेम घर की पहली मंजिल पर अपनी पत्नी के साथ रहता था। कोर्ट में चले ट्रायल में पता चला कि, दोनों भाइयों के बीच बिजली-पानी के बिल को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था।
