Chandigarh: चंडीगढ़ का बुड़ैल जेल एक बड़ा बदलाव करने जा रहा है। इस जेल में सजा काट रहे कैदी अब शहरवासियों की सेहत का ध्यान रखने के साथ उन्हें बीमारियों से भी बचाएंगे। दरअसल, बुड़ैल जेल में 'मिलेट्स मिठाई' बनाने की शुरुआत की गई है। यह खास मिठाई जेल में बंद कैदी बनाएंगे। यह मिठाई शहर के लोग सेक्टर 22 में जेल के नव सृजन आउटलेट के काउंटर से खरीद सकेंगे। बुड़ैल जेल का दावा है कि पूरे देश में पहली बार किसी जेल द्वारा इस तरह के कार्य की शुरुआत की गई है। इस पूरे प्रोजेक्ट को जेल के 'खेती विरासत मिशन' के तहत शुरू किया गया है।
चंडीगढ़ के बुड़ैल जेल का मुख्य गेट
जेल प्रशासन द्वारा शुरू किए जा रहे इस प्रोजेक्ट का फायदा सिर्फ शहर के लोगों को ही नहीं मिलेगा, इसका फायदा जेल के कैदी भी उठा सकेंगे। जेल अधिकारियों के अनुसार जेल के अंदर भी अब मिलेट्स मील सर्व करने की योजना तैयार कर जा रही है। जेल के कैदियों व बंदियों को मिलेट्स की खीर और खिचड़ी दी जाएगी। इस योजना को जेल के एडिशनल इंस्पेक्टर जनरल डॉ. पलिका अरोड़ा ने शुरू किया है।
