Firozpur News: फिरोजपुर की पॉश कॉलोनी रोज एवेन्यू में 14 वर्षीय करीवम मल्होत्रा के साथ एक सनसनीखेज और दर्दनाक हादसा हुआ, जब उसने अपने पिता की पिस्तौल से खेलते-खेलते खुद को गोली मार ली। जानकारी के अनुसार, बच्चा स्कूल से लौटकर कपड़े बदलने के लिए अलमारी में गया, जहां पिस्तौल उसके हाथ लग गई। खेलते-खेलते अचानक गोली चल गई और सीधे उसके सिर में जा लगी।
पिस्तौल से खेलते समय नाबालिग ने गलती से खुद को मारी गोली (प्रतीकात्मक तस्वीर: Canva)
बताया जा रहा है कि गोली लगते ही वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिवार ने तुरंत उसे पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे लुधियाना डीएमसी अस्पताल रेफर कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर का जायज़ा लिया और परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई करने की बात कही। डॉक्टरों ने बताया कि बच्चा बेहद नाज़ुक स्थिति में है। एसएचओ थाना सिटी फिरोज़पुर जतिंदर सिंह ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
