रायसेन : जिले के मंडीदीप सतलापुर थाना क्षेत्र में एक दिल झकझोर देने वाला सड़क हादसे से जुड़ा वीडियो सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, शिव मल्टी केयर हॉस्पिटल के ठीक सामने एक कार चालक ने सड़क पर जा रहे HEG कंपनी के कर्मचारी को कार से जोरदार टक्कर मारी, जिससे कर्मचारी 5 फीट उछलकर रोड पर जा गिरा। बाद में फिर कार बैक करते हुए दोबारा कुचल दिया और मौके से भाग निकला। हादसे में कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
रायसेन कार एक्सीडेंट
जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान कृष्ण पाल के रूप में हुई है, जो HEG कंपनी में कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि वह सुबह ड्यूटी पर जा रहे थे। तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि युवक सड़क पर गिर पड़ा, लेकिन कार चालक यहीं नहीं रुका। उसने कार मोड़कर दोबारा युवक को कुचल दिया और मौके से फरार हो गया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि सड़क के दाईं ओर एक ट्रक जा रहा है। इसी बीच अचानक एक कार आती है और सड़क पर जा रहे शख्स को जोरदार टक्कर मार देती है, जिससे वो बीच सड़क पर जा गिरता है। गनीमत रही कि कार चालक ने ब्रेक मार दी, वरना गाड़ी ट्रक में जा घुसती। वहीं, आरोपी ने शख्स को उठाने के बजाय कार लेकर भाग निकला।
घटना की सूचना मिलते ही सतलापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। आसपास मौजूद लोगों में घटना को लेकर आक्रोश देखा गया। सतलापुर थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी ने बताया कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी कार चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी मंडीदीप का ही निवासी है। उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
