बिहार में कल यानी गुरुवार 7 मई को कैबिनेट विस्तार होना है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की कैबिनेट के नए मंत्री कल शपथ लेंगे,जिसके लिए गांधी मैदान में तैयारियां जोरों पर है। बिहार सरकार इस शपथ ग्रहण समारोह को ऐतिहासिक और भव्य बनाने में लगी है। राजधानी पटना के गांधी मैदान में होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने बड़े स्तर पर इंतजाम किए हैं।
पीएम मोदी सीधे हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे गांधी मैदान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 मई को पटना पहुंचेंगे। वे विशेष विमान से एयरपोर्ट पर उतरने के बाद हेलीकॉप्टर के जरिए सीधे गांधी मैदान में लैंड करेंगे। इसके लिए मैदान के पूर्वी हिस्से में विशेष हेलीपैड तैयार किया जा रहा है, जबकि हेलीकॉप्टर से मंच तक जाने वाले रास्ते को पूरी तरह सुरक्षित और घेराबंदी में रखा जाएगा।दिग्गज नेताओं की मौजूदगी से भाजपा करेगी शक्ति प्रदर्शन
इस शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह,भाजपा के वरिष्ठ नेता जेपी नड्डा,भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन और बिहार के प्रमुख नेता नीतीश कुमार समेत एनडीए के कई बड़े चेहरे शामिल होंगे। बता दें कि सम्राट चौधरी बिहार में भाजपा के पहले सीएम बने हैं। ऐसे में इस समारोह को केवल शपथ ग्रहण नहीं,बल्कि बड़े राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी देखा जा रहा है।
बनाए गए तीन भव्य मंच
सम्राट चौधरी कैबिनेट विस्तार के लिए आयोजित समारोह की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसके लिए तीन बड़े मंच बनाए गए हैं। मुख्य मंच पर प्रधानमंत्री मोदी के अलावा केंद्रीय मंत्री, पार्टी अध्यक्ष और मंत्रिमंडल के सभी संभावित सदस्य मौजूद रहेंगे। दूसरे मंच पर एनडीए के विधायक, एमएलसी और अन्य वरिष्ठ नेता रहेंगे। वहीं, तीसरा मंच सांस्कृतिक कार्यक्रमों और संगीत के लिए तैयार किया जा रहा है,जिससे आयोजन को उत्सव का रूप दिया जा सके।
मेहमानों के लिए अलग-अलग ब्लॉक और कड़ी व्यवस्था
इस समारोह में शामिल होने वाले मेहमानों के बैठने के लिए गांधी मैदान में अलग-अलग ब्लॉक बनाए जा रहे हैं। वीआईपी,विशिष्ट अतिथियों के साथ ही बिहार के चर्चित चेहरों और एनडीए कार्यकर्ताओं के लिए पहले से जगह निर्धारित की जा रही है। सभी ब्लॉक्स खासकर D एरिया में फेंसिंग की जा रही है ताकि प्रवेश नियंत्रित रहे और व्यवस्था बनी रहे। पूरे मैदान को चार हिस्सों में बांटकर व्यवस्थित ढंग से तैयारियां की जा रही हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
कार्यक्रम की सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। गांधी मैदान में सुरक्षा के लिए अस्थायी थाना बनाया गया है। डीएम और एसएसपी की अगुवाई में 80 मजिस्ट्रेट सुरक्षा की कमान संभालेगे। करीब 100 पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में 3000 जवानों की फोर्स सुरक्षा संभालेगी।
ट्रैफिक में बदलाव
इस समारोह की बाबत पूरे पटना के ट्रैफिक रूट में बदलाव किया गया है। 7 मई को पटना में सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक गांधी मैदान और उसके आसपास के इलाके में किसी भी सामान्य वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा पीएम मोदी के कार्यक्रम में आगमन के दौरान एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। इस दौरान कई प्रमुख रास्तों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। ऐसे में लोगों को वैकल्पिक रूट का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
गांधी मैदान में बनाए जाएंगे तीन हैलीपैड
गांधी मैदान में आने वालों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई। गाड़ियों की पार्किंग के लिए जेपी गंगापथ, पटना कॉलेज, पटना साइंस कॉलेज और पुराने अशोक राजपथ के आसपास स्थान तय किए गए हैं। कार्यक्रम में वीवीआईपी मेहमानों के आगमन की संभावना को देखते हुए गांधी मैदान में तीन हेलिपैड भी बनाए जा रहे हैं। इससे प्रधानमंत्री और अन्य बड़े नेता सीधे गांधी मैदान में उतर सकेंगे।
मंत्रिमंडल में किसे मिल सकता है मौका
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल विस्तार में भाजपा कोटे से 13-14 और जेडीयू कोटे से 12-13 मंत्रियों को शपथ दिलाए जाने की संभावना है। हालांकि दोनों दलों के बीच 16-16 मंत्रियों का कोटा तय बताया जा रहा है, जिससे अंतिम सूची में बदलाव संभव है।
विपक्ष को भी मिला है समारोह का न्योता
शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए विधायकों और विधान पार्षदों को निमंत्रण भेजा गया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को भी आमंत्रित किया गया है।
