Budaun News: बदायूं के उसहैत थाना क्षेत्र के नौगवां नसीर गांव में रविवार शाम निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। यहां एक निर्माणाधीन मकान में लेंटर डालने की तैयारी चल रही थी, तभी अचानक शटरिंग का ढांचा भरभराकर नीचे आ गया। हादसे के समय वहां मौजूद मकान मालिक समेत तीन लोग मलबे में दब गए।
बदायूं में हादसा
घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। जानकारी के मुताबिक, नौगवां नसीर गांव निवासी पन्नालाल यादव उर्फ दलवीर के मकान का निर्माण चल रहा था। रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे लेंटर डालने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक शटरिंग गिर गई। इसके नीचे पन्नालाल यादव (25), चंद्रभान (30) और मदनापुर गांव निवासी अवनीश (27) दब गए। तेज आवाज के साथ शटरिंग गिरने के बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और मलबा हटाकर दबे लोगों को निकालने की कोशिश शुरू की।
हादसे में हुई एक अवनीश की मौत
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। राहत-बचाव अभियान चलाकर मलबे में दबे पन्नालाल और चंद्रभान को बाहर निकाला गया और तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं, तीसरे व्यक्ति अवनीश को निकालने के लिए जेसीबी की मदद से मलबा हटाया गया। काफी मशक्कत के बाद अवनीश को भी बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
दो अन्य की हालत गंभीर, इलाज जारी
घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम दातागंज विनोद कुमार और सीओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी जुटाई। एसडीएम ने बताया कि निर्माणाधीन मकान का लेंटर पड़ते समय शटरिंग गिरने से तीन लोग मलबे में दब गए थे। तीनों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया, जहां एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। फिलहाल दोनों का इलाज जारी है।
