लखनऊ : लखनऊ से बेंगलुरु जा रही IndiGo की फ्लाइट में बुधवार को बम की धमकी मिलने से हड़कंप की स्थिति बन गई। जानकारी के मुताबिक, विमान के बेंगलुरु में लैंडिंग के लिए पहुंचने के दौरान केबिन क्रू के सदस्यों को एक नोट मिला, जिसमें विमान में बम होने का उल्लेख किया गया था। क्रू ने तुरंत इसकी जानकारी पायलट को दी, जिसके बाद संबंधित अधिकारियों को अलर्ट किया गया।
IndiGo फ्लाइट (फोटो-Istock)
यह मामला IndiGo की फ्लाइट 6E231 से जुड़ा है। विमान ने सुबह करीब 9 बजकर 40 मिनट पर बेंगलुरु एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। इसके बाद एयरपोर्ट पर बम स्क्वॉड को बुलाया गया और विमान की जांच शुरू की गई। सुरक्षा एजेंसियों ने विमान का निरीक्षण किया। सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद विमान को क्लियर कर दिया गया है और इसके निर्धारित संचालन को बहाल किए जाने की उम्मीद है।
दिल्ली के स्कूलों को भी मिली थी बम की धमकी
इस महीने की शुरुआत में दिल्ली के कई स्कूलों को भी बम की धमकी वाले संदेश मिले थे। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों और आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमों ने एहतियातन स्कूल परिसरों की जांच की थी। सुरक्षा के मद्देनजर छात्रों और कर्मचारियों को बाहर निकाला गया था।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई थी। बम निरोधक दस्ते, स्निफर डॉग स्क्वॉड, स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर तैनात की गई थीं। टीमों ने कक्षाओं, कार्यालयों और खुले इलाकों समेत स्कूल परिसर के विभिन्न हिस्सों की जांच की। पुलिस ने कहा था कि कई स्कूलों को धमकी मिलने के बाद मानक आपातकालीन प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने अभिभावकों और छात्रों से शांत रहने और आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की थी।
जून में लखनऊ-दिल्ली IndiGo फ्लाइट को मिली थी धमकी
जून में भी लखनऊ से दिल्ली जाने वाली IndiGo की फ्लाइट को बम की धमकी मिलने के बाद उड़ान में देरी हुई थी। फ्लाइट 6E2111 के उड़ान भरने से पहले विमान के शौचालय में एक टिश्यू पर हाथ से लिखा नोट मिला था, जिसमें बम होने का दावा किया गया था। क्रू ने तुरंत एयरपोर्ट अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल सक्रिय किया गया। सूत्रों के अनुसार, घटना की जानकारी करीब 11:47 बजे मिली थी। इसके बाद Bomb Threat Assessment Committee (BTAC) और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया था।
