इंदौर: इन दिनों देश में दहशतगर्दों ने बम विस्फोट के फर्जी मैसेज भेजकर नींद उड़ा रखी है। ताजा मामला देवी अहिल्याबाई होलकर हवाई अड्डे से सामने आया है, जहां शुक्रवार को हफ्ते में दूसरी बार बम विस्फोट की फर्जी धमकी मिलने के बाद पुलिस ने आपराधिक मामला दर्ज किया है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक कुमार शर्मा ने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने देवी अहिल्याबाई होलकर हवाई अड्डे के निदेशक के आधिकारिक ई-मेल खाते पर बुधवार रात संदेश भेजकर इस परिसर में बम विस्फोट की धमकी दी।
इंदौर में बम विस्फोट की धमकी
यह भी पढ़ें - Patna Airport Bomb Threat: पटना एयरपोर्ट को मिली बम की धमकी, हवाई अड्डे की सुरक्षा बढ़ाई गई
धमकी फर्जी निकली
उन्होंने बताया कि हवाई अड्डे के भीतर सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) और पुलिस की जांच में यह धमकी फर्जी साबित हुई शर्मा ने बताया कि धमकी भरे ई-मेल को लेकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 507 (गुमनाम संचार के जरिये आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने बताया कि मंगलवार को भी इंदौर और देश के अन्य शहरों के हवाई अड्डों को बम से उड़ाने की फर्जी धमकी दी गई थी।उन्होंने बताया कि इस मामले में भी इंदौर के एरोड्रम थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
(इनपुट-भाषा)
