Muzaffarpur News: बिहार के मुजफ्फरपुर में बदमाशों के हौसले बुलंद होते जा रहे है। यहां हथियार के बल पर कुछ बेखौफ बदमाशों ने बीजेपी विधायक के पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि इन बदमाशों ने पेट्रोल पंप के कर्मी को हथियार दिखाकर डराया और फिर केबिन में घुसकर नकदी के साथ डीवीआर को उखाड़कर फरार हो गए। पेट्रोल पंप पर लूटपाट की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। आसपास लगे सीसीटीवी को खंगालने पर बदमाशों के फरार होने की एक वीडियो सामने आई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और टीम बनाकर रेड की जा रही है।
मुजफ्फरपुर में बदमाशों ने लूटा BJP विधायक का पेट्रोल पंप
लाखों की नकदी लूटकर फरार हुए बदमाश
पेट्रोल पंप पर मौजूद अधिकारी ने बताया कि ये घटना पानापुर थाना क्षेत्र के पखनाहा एनएच 28 के पास की है। देर रात बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने इस दौरान नोजल मैन की पिटाई की और मैनेजर के केबिन में घुस गए। बदमाश यहां से करीब 2.5 लाख रुपये की नकदी और सीसीटीवी डीवीआर को लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई।
पेट्रोल पंप के कर्मियों और मैनेजर ने बताया कि तीन की संख्या में 24 से 25 साल के बदमाश बाइक पर सवार होकर आए थे। हथियार के बल पर सभी को डराया और लूट की वारदात को अंजाम दिया। मामले पर एसएचओ पानापुर अभिषेक कुमार ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। इस दौरान मिली एक सीसीटीवी फुटेज में तीनों बदमाशों को फरार होते हुए देखा गया है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। मामले में टेक्निकल टीम की भी मदद ली जा रही है।
