Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 22-December-2025: बिहार में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से ठंड ने जोर पकड़ लिया है। राज्य के अधिकांश जिलों में घना कोहरा, ठंडी पछुआ हवाएं और कम तापमान के कारण हालात कोल्ड डे जैसे बने हुए हैं। मौसम विभाग ने पटना, गया, नालंदा, समस्तीपुर, मधुबनी सहित 18 जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान कोल्ड डे की चेतावनी जारी की है।
बिहार के कई इलाकों में शीत दिवस की चेतावनी
पटना समेत कई जिलों में धूप गायब
राजधानी पटना सहित कई इलाकों में पिछले कुछ दिनों से धूप नहीं निकल सकी है। लगातार बादल और कोहरे के कारण दिन में भी कनकनी महसूस हो रही है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच अंतर कम होने से ठंड का असर और तीखा हो गया है। पिछले 24 घंटों में राज्य के पश्चिमी और मध्य जिलों में न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। गया जी राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
कैसा रहेगा बिहार का मौसम
उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य और दक्षिण-पश्चिम बिहार के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है। इस दौरान अधिकांश जिलों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा बना रह सकता है, जबकि कुछ इलाकों में घना कोहरा छाने की आशंका है। शीत लहर और कोल्ड डे की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन कदम उठाए हैं। गया और जमुई में कक्षा पांच तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं, जबकि सारण जिले में 23 दिसंबर तक कक्षा दस तक के स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
यातायात सेवाओं पर असर
घने कोहरे के कारण दृश्यता कम हो गई है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हुआ है। पटना, गया, दरभंगा और पूर्णिया हवाई अड्डों से कई उड़ानें रद्द की गई हैं और कुछ उड़ानें देरी से संचालित हो रही हैं। कई लंबी दूरी की ट्रेनों के परिचालन पर भी असर पड़ा है।
