दुष्कर्म पीड़िता नाबालिग लड़की की पटना के अस्पताल में मौत, रोंगटे खड़े कर देगी आरोपी की दरिंदगी, कांग्रेस का नीतीश सरकार पर निशाना

इस मामले में पुलिस ने बताया कि आरोपी, नाबालिग लड़की को उसकी एक रिश्तेदार के घर के पास से चॉकलेट देने का लालच देकर बहला-फुसलाकर मक्के के खेत में ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया।

Bihar Rape Victim Dies At Patna Hospital: बिहार के मुजफ्फरपुर में दुष्कर्म के बाद जीवन के लिए संघर्ष कर रही एक नाबालिग लड़की की रविवार को यहां एक सरकारी अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि नाबालिग लड़की के साथ 26 मई को मुजफ्फरपुर स्थित उसके गांव में दुष्कर्म किया गया था और उसे शनिवार को गंभीर हालत में पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) लाया गया था। कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राजेश राम ने आरोप लगाया कि पीएमसीएच स्थानांतरित की गई दुष्कर्म पीड़िता को शनिवार को कथित तौर पर अस्पताल में बिस्तर उपलब्ध न होने के कारण कई घंटे तक एम्बुलेंस में इंतजार करना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि अस्पताल में भर्ती होने के लिए इंतजार करने के घटनाक्रम से जुड़ा एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जो सरकार और अस्पताल प्रशासन की संवेदनहीनता को उजागर करता है। पुलिस ने बताया कि आरोपी, नाबालिग लड़की को उसकी एक रिश्तेदार के घर के पास से चॉकलेट देने का लालच देकर बहला-फुसलाकर मक्के के खेत में ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया।

Rape victim death

पटना में दुष्कर्म पीड़िता नाबालिग की मौत (प्रतीकात्मक तस्वीर )

राहुल गांधी ने साधा नीतीश सरकार पर निशाना

इस घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को एक्स पर एक पोस्ट में कहा, मुजफ्फरपुर में दलित नाबालिग बेटी के साथ दरिंदगी और फिर इलाज में हुई लापरवाही बेहद शर्मनाक है। अगर समय पर इलाज किया गया होता, तो उसकी जान बचाई जा सकती थी। लेकिन डबल इंजन सरकार ने सुरक्षा तो दूर, जीवन रक्षा में भी घोर लापरवाही बरती। उन्होंने कहा, पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक हम चुप नहीं बैठेंगे। दोषियों और लापरवाह अफसरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

End of Feed