Bihar News: बिहार के सुपौल (Supaul) जिले से एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां सदर थाना क्षेत्र के परसरमा गांव में एक सनकी युवक ने 7 वर्ष की मासूम बच्ची की कुदाल से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस जघन्य हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी के घर को आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने भारी मशक्कत के बाद आरोपी को भीड़ से बचाकर गिरफ्तार कर लिया है।
सुपौल में सात साल की मासूल की कुदाल से काटकर हत्या (प्रतीकात्मक फोटो- canva)
दूध लेकर घर लौट रही थी मासूम
यह खौफनाक वारदात सदर थाना क्षेत्र के परसरमा के वार्ड संख्या 8 की है। जानकारी के मुताबिक, देर रात गांव के ही शंभु शाह अपनी 7 वर्षीय बेटी प्रीति कुमारी के साथ गांव से ही दूध लेकर अपने घर लौट रहे थे। पिता शंभु शाह आगे-आगे चल रहे थे और उनके पीछे-पीछे उनकी मासूम बेटी प्रीति हाथ में दूध की बोतल लिए आ रही थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे पड़ोसी युवक राजू शाह ने अचानक प्रीति पर कुदाल से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चश्मदीदों और परिजनों के अनुसार, आरोपी ने कुदाल से इतने भयानक वार किए कि बच्ची के शरीर के टुकड़े-टुकड़े हो गए। मासूम प्रीति ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया।
लोगों ने घर में लगा दी आग
घटना की खबर गांव में आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी राजू शाह भागकर अपने घर में छिप गया था।आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी को खदेड़ते हुए उसके घर को घेर लिया। गुस्से से भरी भीड़ ने कानून को हाथ में लेते हुए आरोपी राजू शाह के घर में आग लगा दी। गांव में मचे इस कोहराम और आगजनी से स्थिति बेहद खराब हो गई।
आरोपी गिरफ्तार
तनाव और आगजनी की सूचना मिलते ही सुपौल सदर के एसडीपीओ राजीव रंजन भारी पुलिस बल और कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने उग्र भीड़ के बीच से किसी तरह जान जोखिम में डालकर आरोपी राजू शाह को निकाला और उसे अपनी गिरफ्त में लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया गया। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से खून के धब्बे और अन्य विधिवत सैंपल कलेक्ट किए हैं। पुलिस ने काफी जद्दोजहद और समझा-बुझाकर ग्रामीणों को शांत कराया। इसके बाद मृतका प्रीति के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।
क्या कहना है पुलिस का?
सुपौल सदर के एसडीपीओ राजीव रंजन ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया, "7 वर्षीय बच्ची की कुदाल से काटकर हत्या की गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राजू शाह को गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है कि आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को क्यों अंजाम दिया।"
इस घटना के बाद से मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे परसरमा गांव में सन्नाटा और भारी तनाव पसरा हुआ है।
