Muzaffarpur Cash Robbery: मुजफ्फरपुर में अपराधियों ने बिना किसी डर के 17 लाख रुपये की लूट को अंजाम दिया। घटना उस समय हुई जब एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी नकदी से भरा बैग लेकर जा रहा था। कपरपुरा रेलवे गुमटी के पास न्यू फोर लेन रोड पर बाइक सवार अपराधियों ने उसे निशाना बनाया।
पीड़ित की पहचान विक्रम कुमार के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि वह जमालाबाद से 17 लाख रुपये की राशि लेकर आगे जा रहे थे। तभी काले रंग की अपाचे बाइक पर सवार दो अपराधी वहां पहुंचे और बंदूक के दम पर बैग में रखी पूरी रकम लूटकर फरार हो गए। अपराधी मोतीपुर की ओर भाग निकले।
घटना की खबर मिलते ही एसडीपीओ पश्चिमी, सुचित्रा कुमारी, अपने पुलिस दल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने पीड़ित कर्मचारी से जानकारी प्राप्त की और आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर दी। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों के रिकॉर्ड भी जांचे जा रहे हैं।
इस मामले पर डीएसपी पश्चिमी, सुचित्रा कुमारी ने बताया कि लूट की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। अब सीसीटीवी फुटेज की मदद से अपराधियों की पहचान की जा रही है और उम्मीद है कि उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
