Bihar SUV Parking News: बिहार के गोपालगंज से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने अपनी महंगी महिंद्रा स्कॉर्पियो को चोरी होने से बचाने के लिए क्रैन की मदद से सीधे दो मंजिला घर की छत पर खड़ा करवा दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, गाड़ी का मालिक काम के सिलसिले में विदेश जा रहा था। उसे डर था कि उसकी अनुपस्थिति में सड़क या घर के बाहर खड़ी उसकी कीमती एसयूवी चोरी हो सकती है।
बिहार में शख्स का अजब कारनामा (Instagram @ sujit__1600m_gopalganj)
क्रेन से कराई पार्किंग
गैराज, सीसीटीवी या किसी रिश्तेदार को कार की देखरेख सौंपने की बजाय, शख्स ने एक विशालकाय क्रेन बुलाई। क्रेन की मदद से स्कॉर्पियो को हवा में उठाते हुए सीधे अपने मकान की दूसरी मंजिल की छत पर रखवा दिया।
सुरक्षा और छत की मजबूती पर उठे सवाल
वायरल हो रहे इस वीडियो ने जहां लोगों को चकित किया है, वहीं विशेषज्ञों और नेटिजन्स ने सुरक्षा को लेकर चिंताएं भी जताई हैं। महिंद्रा स्कॉर्पियो एक काफी भारी एसयूवी है। साधारण रिहायशी मकानों की छतें इस तरह के भारी-भरकम गाड़ियों का केंद्रित वजन सहने के लिए नहीं बनी होती हैं।
अनुमति और खतरा
क्रेन से इतने भारी वाहन को घनी आबादी के बीच उठाना और छत पर रखना जोखिम भरा साबित हो सकता है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस काम के लिए स्थानीय प्रशासन या नगर निकाय से कोई आधिकारिक अनुमति ली गई थी या नहीं।
सोशल मीडिया पर रिएक्शन
इस अनूठे जुगाड़ का वीडियो सामने आते ही इंटरनेट पर मीम्स और प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है। एक यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा, "भाई ने पैरेलल पार्किंग को छोड़कर सीधे वर्टिकल पार्किंग अनलॉक कर दी!" दूसरे यूजर ने कहा, "बिहार में समस्याओं के समाधान का स्तर ही अलग होता है।" वहीं कुछ लोगों ने मजाक में यह भी कहा कि "चोरों को रोकने के लिए यह भी काफी नहीं है, वे इसे चुराने के लिए क्रेन ही न ले आएं!"। बिना किसी आधुनिक तकनीक के कार की 'हाई-लेवल' सुरक्षा का यह अनूठा मामला इस समय इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
