बिहार में आज का मौसम (24 May 2026): बिहार में हवाओं का रुख कुछ इस तरह है कि मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। राज्य का एक हिस्सा जहां भीषण गर्मी से झुलस रहा है, वहीं दूसरे हिस्से में आंधी-बारिश का दौर जारी है। शनिवार को भी बिहार में भीषण गर्मी पड़ी। रोहतास का डेहरी 45.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ इस सीजन का सबसे गर्म शहर रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, यह डेहरी में मई के महीने में पिछले 14 सालों में दर्ज किया गया सबसे अधिक तापमान है। शनिवार को राजधानी पटना समेत राज्य के 13 जिलों में पारा 40 के पार पहुंच गया, जिससे दोपहर में सड़कें सूनी नजर आईं।
कहीं ओलावृष्टि से तबाही, कहीं भीषण लू का कहर
दक्षिण बिहार में लू का टॉर्चर, आज 4 जिलों में ऑरेंज अलर्ट (Bihar Weather Today)
मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार, दक्षिण बिहार और राजधानी पटना के क्षेत्र में फिलहाल भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। रविवार को मौसम विभाग ने बिहार के 4 जिलों में हीट वेव (लू) का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि 6 जिलों में गर्म हवाओं का प्रभाव रहेगा। बक्सर, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद में ऑरेंज अलर्ट है। पटना भी आज झुलसने वाला है। पटना में अगले कुछ दिनों (23 से 27 मई) तक अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। दोपहर बाद हल्के बादल तो छाएंगे, लेकिन बारिश की संभावना बेहद कम है।
उत्तर बिहार और सीमांचल में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि (Bihar Rain Alert Today)
एक तरफ जहां दक्षिण बिहार तप रहा है, वहीं शनिवार शाम को सीमांचल के सुपौल, सीतामढ़ी, किशनगंज और अररिया में तेज आंधी के साथ झमाझम प्री-मानसून बारिश हुई। सुपौल में बारिश के साथ ओले भी गिरे। अररिया में तेज आंधी के कारण सदर रोड स्थित एक विशाल पीपल का पेड़ गिर गया, जिससे आधा दर्जन दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं। रविवार को राज्य के 13 शहरों में आंधी, बारिश और वज्रपात (बिजली गिरने) का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कुछ जगहों पर 50 किमी/घंटे की रफ्तार से विनाशकारी हवाएं चल सकती हैं।
प्रमुख शहरों के मौसम का हाल
मुजफ्फरपुर: अगले 48 घंटे भारी, गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान
मुजफ्फरपुर में शनिवार को दिन का पारा 4.5 डिग्री चढ़ने से त्वचा झुलसाने वाली गर्मी रही, हालांकि उमस से थोड़ी राहत मिली। पूसा स्थित ग्रामीण मौसम विज्ञान केंद्र के नोडल पदाधिकारी डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र (Low Pressure Area) बनने के कारण अगले 48 घंटों में जिले के अधिकांश स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होगी और 30 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
भागलपुर: 39.4 पारे में हुआ 47 डिग्री जैसी गर्मी का अहसास
भागलपुर में शनिवार को पारा करीब 4 डिग्री की उछाल के साथ 32 दिन बाद पहली बार 39 डिग्री सेल्सियस के पार 39.4 डिग्री सेल्सियस पहुंचा। हवा में भारी नमी के कारण लोगों को 47 डिग्री जैसी जानलेवा उमस और गर्मी का अहसास हुआ। बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि रविवार को उमस तल्ख रहेगी, लेकिन 25 से 28 मई के बीच हल्की बूंदाबांदी से तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आएगी।
पूर्णिया: मौसम विभाग का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी
पूर्णिया में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने 25, 26 और 27 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट तथा 24, 28 और 29 मई के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और आंधी-बारिश के साथ वज्रपात की भारी आशंका है। वैज्ञानिकों ने किसानों को चेतावनी दी है कि वे मौसम का पूर्वानुमान देखकर ही खेतों में जाएं।
लू से कैसे बचें (How to avoid Heat Stroke in Hindi)
भीषण गर्मी और लू के प्रकोप से बचने के लिए सबसे जरूरी है कि शरीर में पानी की कमी न होने दें, इसलिए प्यास न लगने पर भी समय-समय पर पानी, ओआरएस (ORS), नींबू पानी, छाछ या नारियल पानी पीते रहें। दोपहर 12 से 4 बजे के बीच, जब धूप सबसे तेज होती है, बाहर निकलने से बचें और यदि निकलना जरूरी हो, तो हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें, सिर को ढंककर रखें, धूप का चश्मा और छाते का प्रयोग करें। खाली पेट घर से बाहर न निकलें और तरबूज, ककड़ी व खीरे जैसे मौसमी फलों का सेवन करें। यदि चक्कर आना, तेज सिरदर्द या बहुत अधिक थकान महसूस हो, तो तुरंत ठंडी जगह पर आराम करें और स्थिति बिगड़ने पर डॉक्टर से संपर्क करें।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
