बिहार में आज का मौसम (18 June 2026): मानसून के रफ्तार सुस्त पड़ने से एक बार फिर गर्मी जोर पकड़ने लगी है। बिहार में कई जिले भीषण गर्मी की मार झेल रहे हैं। प्रदेश में फिर से लू का प्रकोप देखने को मिलने लगा है। बिहार में मानसून की एंट्री समय से पहले हुई थी, लेकिन बीते पांच दिनों से मानसून मुजफ्फरपुर में अटका हुआ है। जिसके कारण प्रदेश के कुछ हिस्सों में तो बारिश हो रही है। लेकिन कई जिलों में लू जैसे हालात बने हुए हैं।
बिहार में 18 जून को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज बिहार के दक्षिणी हिस्से में भीषण गर्मी पड़ सकती है। वहीं सुपौल, अररिया, सीतामढ़ी, शिवहर, किशनगंज, सहरसा समेत 21 जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। साथ ही ठनका की भी चेतावनी जारी की गई है। वहीं भभुआ, रोहतास और औरंगाबाद में आज हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बिहार में कल बिगड़ेगा मौसम
बिहार में में 19 जून को पूरे प्रदेश में मौसम का मिजाज बिगड़ा रह सकता है। इस दौरान उत्तर के जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं दक्षिणी बिहार में येलो अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार सीतामढ़ी, पश्चिमी चंपारण और पूर्वी चंपारण में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान ठनका गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है।
बुधवार को बिहार का सबसे गर्म जिला कैमूर रहा, जहां का अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा 8 जिलों का तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। जिनमें पटना, छपरा, औरंगाबाद, शेखपुरा, गया, रोहतास, कैमूर और बक्सर शामिल हैं। इस दौरान मुजफ्फरपुर, मधुबनी, बांका, समस्तीपुर समेत कई जिलों में आंधी-बारिश का मौसम भी देखने को मिला।
