बिहार में आज का मौसम (16 March 2026): बिहार में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम बदलने वाला है। आज से प्रदेश में बारिश का सिलसिला शुरू होने वाला है। IMD ने बिहार के 38 जिलों में आज बारिश का अलर्ट जारी किया है। जिनमें 17 के लिए ऑरेंज और 21 जिलों के लिए येलो अलर्ट है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। साथ ही 50 किमी प्रति घंटे के करीब तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं। बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट के आसार हैं, जिससे गर्मी से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
बिहार में आज बदलेगा मौसम
आज बिहार में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज बिहार के सभी जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 18 से 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। जिन जिलों में आज बारिश का ऑरेंज अलर्ट है, उनमें पश्चिमी व पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, सिवान, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, सुपौल, मधेपुरा, सहरसा, बेगूसराय और खगड़िया शामिल हैं।
आज पटना का मौसम
बिहार की राजधानी पटना में भी आज बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना जताई गई है। जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने यहां येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान पटना में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान जिले में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने का अनुमान है।
बिहार में क्यों बदला मौसम
IMD के अनुसार फिलहाल उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव है, साथ ही बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है, इन दोनों वेदर सिस्टम के प्रभाव से बिहार के मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। इसके कारण वातावरण में अस्थिरता बढ़ने से बादल बनने और आंधी-बारिश के आसार बन रहे हैं। इसके अलावा सतही हवा में बदलाव होने से राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। साथ ही तेज हवाएं भी चल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार बिहार में 20 मार्च तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इस दौरान बीच-बीच में बादल छाने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। साथ ही आंधी-तूफान की स्थिति बनने की भी संभावना है। इस मौसम का प्रभाव खासतौर पर उत्तर और पूर्वी हिस्से में देखने को मिल सकता है।
बिहार में सबसे गर्म जिला
बिहार में पिछले 24 घंटों में सबसे गर्म जिला रोहतास रहा, यहां का अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कैमूपर में 35 डिग्री, पटना में 33 डिग्री, नालंदा में 35.4 डिग्री, गया में 35.2 डिग्री, औरंगाबाद में 33.9 डिग्री और भागलपुर में 32.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। रविवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान नालंदा में 17.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इस दौरान राजधानी पटना में न्यूनतम पारा 22.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
