बिहार में आज का मौसम (13 March 2026): बिहार में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। पिछले कुछ दिनों से यहां बारिश का मौसम बना हुआ है। हालांकि इस दौरान कई जिले ऐसे भी रहे, जहां पर तीखी धूप निकली और लोगों को तेज गर्मी का एहसास हुआ। जिसके कारण राज्य में अधिकतम तापमान 37 डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं दूसरी ओर गुरुवार रात से किशनगंज, पूर्णिया और अररिया समेत सीमांचल के जिलों में मौसम बदला हुआ है। इन जिलों में बीती रात से शुक्रवार तड़के तक मौसम विभाग ने तेज हवाओं संग बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया। साथ ही मेघगर्जन और वज्रपात की भी संभावना जताई। इस दौरान बिहार के अन्य जिलों में भी सर्द हवाएं चलती रहीं।
बिहार में मौसम का हाल
बिहार में आज कैसा मौसम रहेगा
वैसे तो मौसम विभाग ने आज बिहार में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। लेकिन सीमांचल जिलों में मौसम करवट बदल सकता है। इस दौरान प्रदेश में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। 48 घंटों के बाद बिहार के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। दरअसल 14 मार्च को नए वेदर सिस्टम के एक्टिव होने वाला है। जिसके प्रभाव से बिहार का मौसम बिगड़ सकता है।
बिहार में तीन दिन बारिश का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 15 मार्च को सीमांचल के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, कैमूर, सुपौल, कटिहार, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, रोहतास और औरंगाबाद में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। बारिश का सिलसिला तीन दिनों तक जारी रह सकता है। 16 मार्च को राजधानी पटना समेत अधिकतर जिलों में बारिश की संभावना जताई जा रही है। वहीं 17 मार्च को भी ऐसा ही मौसम देखने को मिल सकता है।
बिहार का सबसे गर्म जिला
बिहार में गुरुवार को सबसे अधिक तापमान कैमूर में दर्ज किया गया, यहां का अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा कई अन्य जिलों में भी 30 डिग्री के ऊपर तापमान दर्ज हुआ। नालंदा में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री, गया में 34.8 डिग्री, औरंगाबाद में 34.4 डिग्री, देहरी में 35.4 डिग्री, बक्सर में 34.4 डिग्री, पटना में 34.3 डिग्री, छपरा में 33.7 डिग्री और वैशाली में 32.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। पिछले 24 घंटे में बिहार में सबसे कम न्यूनतम तापमान रोहतास में 19 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं सबसे अधिक न्यूनतम तापमान मुजफ्फरपुर में 24.5 डिग्री और पटा में 24.4 डिग्री डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
