Patna Crime: बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि उन्हें कानून-व्यवस्था का जरा भी खौफ नहीं रह गया है। ताजा मामला शहर के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र (Buddha Colony firing) के चकारम रोड से सामने आया है, जहां बेखौफ बदमाशों ने वार्ड नंबर 24 की पार्षद ज्ञानवती देवी के पति और जनसुराज नेता व पूर्व पार्षद अनिल कुमार यादव (Anil Kumar Yadav Firing) को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।
जनसुराज नेता को घर में घुसकर मारीं पांच गोलियां, पीके आग बबूला (फाइल फोटो)
जिसके बाद जन सुराज के मुखिया और विधायक प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) उनसे मिलने के लिए उदयन अस्पताल बोरिंग रोड पहुंचे। जिसके बाद उन्होंने बिहार की एनडीए सरकार और सीएम सम्राट चौधरी पर सीधा हमला बोला। पीके बोले- अनिल यादव जी को चार गोली लगी है, भगवान से प्रार्थना है कि वे ठीक हो जाएं। बिहार के मुख्यमंत्री और गृह मंत्री सम्राट चौधरी को जवाब देना चाहिए कि ये जंगलराज नहीं है तो क्या है?
मिली जानकारी के अनुसार, अनिल कुमार यादव अपने अपार्टमेंट के बेसमेंट में स्थित निजी कार्यालय में बैठे हुए थे। इसी दौरान घात लगाए अपराधियों ने अचानक उन पर हमला बोल दिया और एक के बाद एक चार से पांच गोलियां दाग दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार होने में कामयाब रहे। गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में भगदड़ मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल अनिल यादव को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है और इलाज जारी है। मामले की जानकारी मिलते ही बुद्धा कॉलोनी थाने की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी। वारदात की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे।
घटना पर आधिकारिक जानकारी देते हुए लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि एक मोटरसाइकिल पर तीन संदिग्ध अपराधी पहुंचे थे, जिन्होंने अपार्टमेंट के बेसमेंट में घुसकर घटना को अंजाम दिया। पुलिस की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिसमें संदिग्धों की हलचल कैद हुई है। पुलिस की कई टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
