Damoh News: मध्य प्रदेश के दमोह जिले के पटेरा थाना क्षेत्र के सतरिया गांव में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां कुशवाहा समाज के एक युवक से पैर धुलवाकर वही पानी पिलाने की घटना हुई है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। जबकि बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी है। कलेक्टर सुधीर कोचर और एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने रविवार रात संयुक्त प्रेस वार्ता कर इस घटना की जानकारी दी और बताया कि गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।
दमोह में पैर धुलवाकर पानी पीने के मामले में दो गिरफ्तार (फोटो - टाइम्स नाउ नवभारत)
वीडियो विवाद के चलते पंचायत ने दी गई पैर धोने की सजा
यह पूरा विवाद एक सोशल मीडिया पर शेयर की गई एक वीडियो से शुरू हुआ। बता दें कि सतरिया गांव में शराबबंदी लागू होने के बावजूद, अनुज उर्फ अन्नू पांडे नाम का एक युवक शराब बेचते और पीते मिला था। गांव के एक युवक, जिसका नाम पुरुषोत्तम कुशवाहा है, उसने अन्नू का एक वीडियो सोशल मीडिया पर डाला, जिसमें एआई तकनीक का उपयोग कर उसे जूते की माला पहने दिखाया गया था। इस वीडियो के वायरल होने से आक्रोशित हो गए। मामला बढ़ता देख युवक ने पोस्ट डिलीट कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। लेकिन आक्रोशित लोग शांत नहीं हुए और पंचायत बुलाई गई। पंचायत में पुरुषोत्तम को अन्नू के पैर धोकर वही पानी पीने की सजा सुनाई। शनिवार शाम को यह वीडियो वायरल होते ही हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने मामला दर्ज किया।
पैर धोने को बताया गया गुरु-शिष्य का रिश्ता
मामले के तूल पकड़ने के बाद, आरोपी अन्नू पांडे और पीड़ित युवक पुरुषोत्तम कुशवाहा दोनों ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी की और इस घटना को राजनीतिक मुद्दा न बनाने की अपील करते हुए दावा किया कि उनके बीच 'गुरु-शिष्य का रिश्ता' है और पैर धोने का कार्य पीड़ित ने खुद अपनी इच्छा से किया था। हालांकि, रविवार दोपहर कुशवाहा समाज के सैकड़ों लोगों ने एसपी कार्यालय में विरोध प्रदर्शन किया और आरोपियों पर अन्य गंभीर धाराएं लगाकर तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की। डीसीपी सोमवंशी ने बताया कि चार नामजद लोगों सहित अन्य आरोपियों पर मामला दर्ज किया गया है, और शांति बनाए रखने के लिए गांव में प्रयास किए जा रहे हैं।
