MP में स्वास्थ्य सेवाओं को नई गति; CHC-PHC में 876 डॉक्टरों की नियुक्ति, 1 जुलाई से लैब टेक्नीशियन काउंसलिंग शुरू

एमपी में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य सरकार ने CHC और PHC में 876 विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं। इसके साथ ही, रेडियोग्राफर व लैब टेक्नीशियन पदों के लिए 1 जुलाई से काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू होगी। सरकार का लक्ष्य है कि हर नागरिक को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें।

मध्य प्रदेश स्वास्थ्य विभाग ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में 876 विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं। यह निर्णय शनिवार को लिया गया, जिसका उद्देश्य लंबे समय से रिक्त चिकित्सकीय पदों को भरना और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाना है। राज्य के उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हों। इसके लिए न केवल डॉक्टरों की भर्ती प्रक्रिया को तेज किया गया है, बल्कि मेडिकल कॉलेजों की क्षमता वृद्धि और स्वास्थ्य संस्थानों के अधोसंरचना विकास पर भी जोर दिया जा रहा है।

Bhopal News Thumb

एमपी में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में बढ़ता कदम

इन नियुक्तियों में वे डॉक्टर शामिल हैं जिन्होंने सरकारी एवं निजी मेडिकल कॉलेजों से पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है। इसके अतिरिक्त, स्वास्थ्य विभाग रेडियोग्राफर और लैब टेक्नीशियन पदों के लिए 1 जुलाई से काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल द्वारा वर्ष 2024 में आयोजित समूह-5 संयुक्त भर्ती परीक्षा के परिणाम घोषित किए जा चुके हैं। चयनित उम्मीदवारों के दस्तावेजों का सत्यापन और नियुक्ति प्रक्रिया मंगलवार से प्रारंभ होगी। काउंसलिंग की जानकारी संबंधित अभ्यर्थियों को उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी पर भेजी जाएगी। साथ ही, स्वास्थ्य विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर भी काउंसलिंग से जुड़ी विस्तृत जानकारी उपलब्ध रहेगी।

End of Feed