भोपाल

इंदौर-बैतूल नेशनल हाईवे पर दर्दनाक हादसा, कालीसिंध नदी में अनियंत्रित होकर गिरी कार, दो की मौत

Accident News: एमपी के देवास जिले में इंदौर-बैतूल नेशनल हाईवे पर अचानक अनियंत्रित होकर कार कालीसिंध नदी में गिर गई। इस हादसे के दौरान कार में चार लोग सवार थे, जिसमें से दो की मौत हो गई। अन्य दो लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Image

इंदौर-बैतूल नेशनल हाईवे पर दर्दनाक हादसा (फोटो - टाइम्स नाऊ नवभारत)

Accident News: मध्यप्रदेश के देवास जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां पुलिया पर एक कार अनियंत्रित होकर कालीसिंध नदी में गिर गई। इस हादसे में कार में सवार 2 लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों के इलाज के अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतकों के शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

नदी में गिरी कार

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह हादसा जिले के बागली तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम मोखा पिपलिया के पास इंदौर-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। कमलापुर थाने के प्रभारी उपेंद्र नाहर ने बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से कार सवार चार लोगों को नदी से बाहर निकाला गया और उन्हें बागली के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दो को मृत घोषित किया। अन्य दो घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए इंदौर रेफर किया।

थाना प्रभारी ने कहा कि जब कार पुल पर से गुजर रही थी तभी सामने से एक ट्रक आ गया और कार चालक ने गाड़ी पर से अपना नियंत्रण खो दिया। उन्होंने बताया कि नदी में गिरने के बाद कार के सभी दरवाजे बंद हो गए और इस कारण सवारियों को निकालने में समय लग गया। नाहर ने बताया कि कांच तोड़ कर लोगों को गाड़ी से बाहर निकाला गया।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article