उज्जैन : श्री महाकालेश्वर मंदिर में 24 अप्रैल से मोबाइल फोन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। मंदिर प्रशासन ने दर्शनार्थियों को चेकिंग पॉइंट पर ही अपना फोन जमा करने का फैसला लिया है। मंदिर प्रशासन ने भक्तों से मंदिर में मोबाइल का उपयोग न करने का अनुरोध किया है, ताकि दर्शन के दौरान शांति व्यवस्था कायम रहे। जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा व अन्य कारणों से चलते ये प्रतिबंध लगाया गया है। इसके लिए सभी द्वारों पर लॉकर सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि लोग अपना मोबाइल रख सकें।
महाकाल मंदिर
मंदिर परिसर में धार्मिक परंपरा, शुचिता और पवित्रता के चलते मोबाइल रखे जाने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। मोबाइल के द्वारा नंदिहाल, गर्भगृह, दर्शन के समय फोटो लेने और वीडियो आदि बनाने से न सिर्फ अन्य यात्रीगण परेशान होते हैं, बल्कि दर्शन पंक्ति में अनावश्यक रुककर अव्यवस्था फैलाई जाती है। लिहाजा, महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने मंदिर परिसर में मोबाइल फोन ले जानें पर रोक लगा दी गई है।
महाकालेश्वर के बाहर फ्री नाश्ते का प्रबंध
श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने भस्मारती दर्शनार्थियों के लिए सुबह 6 से 8 बजे तक फ्री पोहे के अल्पाहार की व्यवस्था पुनः शुरू की है। काउंटर से टोकन लेकर भक्त अन्नक्षेत्र में नाश्ता कर सकते हैं। यह सुविधा पहले भी थी, जो अब दोबारा शुरू की गई है। एबीपी की खबर के हवाले से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, रोजाना मंदिर परिसर में भस्म आरती में लगभग 1600 श्रद्धालु दर्शन लाभ लेते हैं।
