MP में निवेशकों को मिलेंगी वर्ल्ड क्लास सुविधाएं, CM ने स्पेन से इन्वेस्टर्स को किया आमंत्रित; जानें आगे का क्या है प्लान?

स्पेन के मैड्रिड में आयोजित 'इन्वेस्ट इन मध्य प्रदेश बिजनेस फोरम' के जरिए सीएम मोहन यादव ने निवेशकों को एमपी में इनवेस्ट करने के लिए आमंत्रित किया। इस दौरान मध्य प्रदेश में औद्योगिक निवेश की अपार संभावनाओं पर केंद्रित लघु फिल्म भी दिखाई गई। कार्यक्रम में प्रदेश के अधिकारियों ने भी निवेशकों को कई अहम जानकारियां दीं।

भोपाल : 'अगर आप भारत के किसी और राज्य में भी उद्योग स्थापित करते हैं तो भी आपको मध्य प्रदेश की आवश्यकता पड़ेगी। मध्यप्रदेश हाईवे, रेल, हवाई मार्ग से सीधा जुड़ा है। प्रदेश सभी सेक्टर में तेजी से आगे बढ़ने वाला राज्य बना है। यह राज्य देश की अर्थव्यवस्था को गति प्रदान में अहम भूमिका निभाता है। प्रदेश में फूड प्रोसेसिंग, सोलर एनर्जी, विंड एनर्जी, एग्री बेस्ड इंडस्ट्री और टेक्सटाइल सेक्टर में बड़ी संभावनाएं हैं। राज्य सभी सेक्टर में निवेशकों को वर्ल्ड क्लास सुविधाएं देने की क्षमता रखता है।' यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 16 जुलाई को कही। सीएम डॉ. यादव स्पेन के मैड्रिड में आयोजित 'इन्वेस्ट इन मध्य प्रदेश बिजनेस फोरम' को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम में उन्होंने निवेशकों को प्रदेश में निवेश करने के आमंत्रित किया। इस दौरान मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश की अपार संभावनाओं पर केंद्रित लघु फिल्म भी दिखाई गई। कार्यक्रम में प्रदेश के अधिकारियों ने भी निवेशकों को कई अहम जानकारियां दीं। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दुबई दौरे के बाद स्पेन पहुंचे। वे यहां 19 जुलाई तक मध्यप्रदेश में निवेश को लेकर दौरे पर हैं।

CM Mohan Yadav Spain Visit

इन्वेस्ट इन मध्य प्रदेश बिजनेस फोरम में सीएम मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत और स्पेन दो प्राचीन सभ्यताएं हैं। दोनों देशों ने नैतिक मूल्यों के आधार पर संस्कृति को आगे बढ़ाया। एक प्रकार से दोनों भाई-भाई हैं। भारत प्रकृति से प्रेम करने वाला देश है। तकनीक के क्षेत्र में स्पेन की भी अलग पहचान है। मध्य प्रदेश में खनिज, पर्यटन, उद्योग स्थापित करने की अपार संभावनाएं हैं। भारत में एमपी टूरिज्म सबसे तेजी बढ़ रहा है। आप लोग मध्यप्रदेश के जुड़िए। केंद्र सरकार की ओर से मध्य प्रदेश को कई तरह की छूट मिल रही हैं। मध्य प्रदेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिल के करीब है। उन्होंने कहा कि स्पेन ने फुटबॉल से भी अर्थव्यवस्था को मजबूत किया है।

End of Feed