Bhopal Fraud Case: राजधानी भोपाल में धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया है। जिसमें जालसाज खाकी पर भारी पड़ गए। जालसाजों ने वड़ा पाव बेचने वाली अहमदाबाद की नामी कंपनी की फ्रेंचाइजी देने के नाम पर एक रिटायर्ड डीएसपी को लाखों का चूना लगा दिया। पूर्व पुलिस अधिकारी की पत्नी ने इसे लेकर शहर के पिपलानी थाने में कंपनी के निदेशक सहित कुल तीन लोगों के खिलाफ 8 लाख रूपए की धोखाधड़ी करने के आरोप का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस के मुताबिक पूर्व अधिकारी एमपी के ग्वालियर शहर के रहने वाले हैं। धोखाधड़ी का मामला वर्ष 2019 से अब तक चला है। इधर, पुलिस ने मामले की जांच करने के बाद एफआइआर दर्ज कर ली है। अब आगे की जांच की जा रही है।
जालसाजों ने नामी कंपनी की फ्रेंचाइजी देने के नाम लाखों का चूना लगा दिया (प्रतीकात्मक फोटो)
ऐसे रची धोखाधड़ी की साजिश
पिपलानी पुलिस के मुताबिक ग्वालियर निवासी रिटायर्ड डीएसपी राकेश गुप्ता की पत्नी भारती ने भोपाल के इंद्रपुरी इलाके में मौजूद अपनी दुकान में कारोबार करने की सोची। इसके लिए उन्होंने वर्ष 2019 में अहमदाबाद की नामी वड़ा पाव बेचने वाली एक कंपनी की फ्रेंचाइजी लेने के लिए कंपनी से संपर्क किया था। इसके बाद डील तय हुई तो कंपनी के निदेशक ने उनसे स्टांप पर लिखित में एग्रीमेंट किया। फ्रेंचाइजी 5 साल के लिए देना तय हुआ। इसके बाद 8 लाख रूपए जमा लिए गए। वहीं दुकानों का किराया 40 हजार प्रतिमाह देना तय किया गया। इसके अलावा कुल बिक्री का अलग से 12 प्रतिशत कमीशन देना भी अनुबंध में तय किया गया। जालसाजों ने दो माह तक कारोबार चलाया भी, मगर इसके बाद वे फरार हो गए।
चेक हो गए बाउंस
पुलिस के मुताबिक पिलाय पांड्या व उनकी सहयोगी ट्विंकल मीणा, फाल्गुन वघेला व खुशबू चौहान ने दो महीने तक दुकान में कारोबार चलाया। रेस्टोरेंट का सारा फायदा कंपनी खुद के पास रखती थी। दो माह बाद किराया नहीं देने पर कॉल किए तो उठाए नहीं। इसके बाद मैसेज किए गए तो जालसाजों की ओर से कुछ चेक दिए गए जो बाद में बैंक में जमा करवाने पर बाउंस हो गए।
