नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के पन्ना में एक शख्स के रातोरात लखपति बन जाने का मामला सामने आया है। पन्ना की धरती पर ऐसा चमत्कार कई बार हो चुका है जब किसी शख्स को अचानक खदान से कीमती हीरे मिलने की बात सामने आई हो और वो रातोरात अमीर बन गया हो।
पन्ना के एक साधारण मजदूर माधव की जिंदगी अब बदल गई है। पन्ना की कृष्णा कल्याणपुर पट्टी की उथली खदान में मजदूरी करने वाले इस युवक को उस वक्त बड़ी सौगात मिली जब उसने पहली बार खदान खोदी और उसकी किस्मत चमक उठी। पहले ही दिन उसे 11 कैरेट 95 सेंट का उज्जवल किस्म का बेशकीमती हीरा हीरा मिल गया। बताया जा रहा है कि यह हीरा इतना साफ और कीमती है कि इसकी अनुमानित कीमत 40 लाख रुपए से भी ज्यादा आंकी जा रही है।
माधव ने इसे नियम अनुसार पन्ना स्थित हीरा कार्यालय में जमा कर दिया है। अब यह हीरा आगामी नीलामी में जाएगा और नीलामी की रकम में से 12.5 फीसदी रॉयल्टी काटकर बाकी रकम मजदूर माधव को दी जाएगी। जहां एक मजदूर ने अपने हौसले और मेहनत से करोड़ों लोगो की उम्मीद जगा दी। पन्ना की धरती से ऐसे कई सपने सच होते हैं ।
