Indore News: रविवार की रात इंदौर से पुणे जा रही एक यात्री बस में पीथमपुर के पास आग लग गई। आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार में चल रही बस एक कंटेनर से टकरा गई, जिससे अचानक भीषण आग लग गई और हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।
टक्कर के बाद धू-धू कर जलती बस
'द बर्निंग बस' ने मचाया हड़कंप
हादसा इतना भयावह था कि बस से उठती आग की लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं। बस में उस समय लगभग 30 यात्री सवार थे। अच्छी बात ये रही कि सभी को समय रहते नीचे उतार लिया गया, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। हालांकि, हादसे में ड्राइवर समेत 8 लोग झुलस गए। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
कैसे हुआ हादसा
मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम 7 बजे से एक बस आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे के रास्ते इंदौर से पुणे के लिए निकली थी। पीथमपुर के पास पहुंचने पर ड्राइवर को हाईवे पर खड़े एक कंटेनर से धुआं उठता दिखा। धुआं घना था जिस कारण बस चालक को सड़क दिखनी बंद हो गई। ब्रेक लगाते-लगाते बस कंटेनर के पिछले हिस्से से टकरा गई, जिसके बाद बस में आग लग गई। गनीमत रही कि समय रहते सभी यात्री नीचे उतर गए। हालांकि ड्राइवर समेत 8 लोग झुलस गए, जिनमें से एक महिला और बस चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
