Damoh Religion Conversion : मध्य प्रदेश के दमोह में धर्मांतरण का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस केस का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि, प्रदेश में कुछ जगह धर्मांतरण के कुचक्र चल रहे हैं जिसे हम कामयाब नहीं होने देंगे। हमने जांच के निर्देश दिए हैं। दमोह की घटना में मेरे पास रिपोर्ट आई है जिसमें दो बेटियों ने बयान भी दिए हैं। उनको बाध्य किया गया था। हम इस मामले में FIR दर्ज कर कठोर कार्रवाई करेंगे।
सीएम शिवराज सिंह चौहान।
ये है पूरा मामला
हाईस्कूल का रिजल्ट घोषित होने के बाद दमोह के एक स्कूल की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। जिसमें हिंदू छात्राओं को हिजाब पहने हुए देखा गया था। प्रबंधन द्वारा जारी किए गए पोस्टर को लेकर काफी विवाद बढ़ा तो मामला बाल आयोग तक पहुंचा, जिसके बाद जांच शुरू हुई। जांच में पता चला कि बच्चियों को जबरन पहनने के लिए कहा जाता था और पैरेंट्स को हिजाब स्कार्फ बताकर दिया गया था। वहीं, इस मामले के खुलते ही मंगलवार को DEO को हटाने के भी निर्देश दे दिए गए थे। जांच टीम के सदस्यों ने बताया है कि, स्कूल की महिला प्रिंसिपल समेत दो शिक्षिकाओं ने भी धर्मांतरण कराकर अपने नाम बदल लिए थे, हालांकि उन्होंने इसका कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया था।
गृहमंत्री ने दिए थे कार्रवाई के निर्देश
मध्य प्रदेश के गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि, दमोह के स्कूल में धर्मांतरण का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में पुलिस को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। हालांकि प्राथमिक जानकारी के अनुरूप पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा है कि, इस प्रकार की सोच रखने वालों को स्वीकार नहीं किया जाएगा। पीएफआई से संबंध या टेरर फंडिंग की जानकारी सामने आती है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।
