भोपाल

डिलीवरी से पहले उठवा लूंगा...प्रेगनेंट लेडी ने सड़क मांगी; सांसद जी बोले-डिलीवरी डेट बताओ

मध्य प्रदेश के सीधी में गर्भवती महिला के सोशल मीडिया पर सड़क निर्माण की डिमांड करने वाली पोस्ट पर बीजेपी सांसद ने अजीबो गरीब जवाब देते हुए कहा कि अगर, महिला प्रसव की तिथि बता दे तो हम उसे एक सप्ताह पहले ही उठवा लेंगे और अस्पताल पहुंचा देंगे।

Image

सीधी सड़क मांग पर महिला-सांसद आमने-सामने (तस्वीर साभार-ट्विटर @theskindoctor13)

सीधी : जिले में अपने गांव तक मोटर योग्य पहुंच मार्ग की मांग करने वाली एक गर्भवती महिला से भाजपा सांसद ने उसे अस्पताल ले जाने के लिए उसकी प्रसव की तिथि पूछ डाली। लीला साहू ने सोशल मीडिया पर अपने गांव के लिए पहुंच मार्ग की मांग की थी और आरोप लगाया था कि स्थानीय सांसद अपने वर्षों पुराने आश्वासन पर अमल करने में विफल रहे हैं। अब उन्होंने बच्चे को जन्म देने के बाद दिल्ली जाकर अपनी शिकायत केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से करने का संकल्प लिया है।

एक साल पहले, साहू ने जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर दूर कड्डी-बगैहा गांव तक उचित पहुंच मार्ग की कमी को उजागर करते हुए सोशल मीडिया पर एक रील पोस्ट की थी। अब वह एक बार फिर से सक्रिय हो गई हैं और खड्डीखुर्द से गंगारी तक 10 किलोमीटर लंबी सड़क की मांग कर रही हैं। उनका कहना है कि उन्हें और इलाके की पांच अन्य गर्भवती महिलाओं को चिकित्सा सुविधाओं तक सुगम पहुंच की आवश्यकता हो सकती है।

लीला साहू ने उठाए सवाल

लीला साहू (25) ने कहा कि मैं अपने बच्चे को जन्म देने के बाद नयी दिल्ली जाऊंगी और केंद्रीय मंत्री गडकरी से जल्द से जल्द सड़क को मंज़ूरी देने का अनुरोध करूंगी। साहू ने कहा कि उन्होंने एक साल पहले सोशल मीडिया पर एक अभियान चलाया था और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से अपील की थी, जिसके बाद सीधी के सांसद राजेश मिश्रा ने पिछले साल मानसून के बाद सड़क बनवाने का आश्वासन दिया था। हालांकि, अभी तक कुछ भी नहीं बनाया गया है। उन्होंने सांसद पर अपनी प्रतिबद्धता पूरी न करने का आरोप लगाया।

क्या बोले सांसद महोदय?

संपर्क करने पर सांसद मिश्रा ने कहा कि हमारे पास एम्बुलेंस जैसी सुविधाएं हैं। चिंता की कोई बात नहीं है। यह मोहन यादव की सरकार है। प्रसव की एक निश्चित तिथि है और अगर सूचना मिल जाए, तो हम उसे एक सप्ताह पहले ही अस्पताल पहुंचा सकते हैं। लोग किसी भी तरह सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करना चाहते हैं। इसे इस तरह सामने लाने की क्या जरूरत है?"

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article