Bhopal: लेक सिटी भोपाल के लोगों के लिए ये एक अच्छी खबर है। राजधानी के लोगों का इंतजार खत्म हुआ, अब भोपाल से गोवा जाने की राह आसान होने वाली है। जिसके तहत भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट से गोवा के लिए जल्द ही नई फ्लाइट शुरू की जाएगी।
भोपाल से गोवा के लिए जल्द शुरू होगी नई उड़ान (सांकेतिक तस्वीर)
इसके अलावा एक निजी विमानन कंपनी की पूर्व में बंद हो चुकी कोलकाता के लिए एक बार फिर से फ्लाइट शुरू करने की कवायद चल रही है। वहीं भोपाल से पुणे के लिए भी सीधी उड़ान शुरू करने की तैयारी चल रही है। बता दें कि, निजी विमानन कंपनी ने इन उड़ानों के लिए काम शुरू करने सहित स्लॉट भी ले लिया है। बता दें कि, हाल ही में गोवा में मोपा हवाई अड्डा शुरू हुआ है।
ऐसे हुआ भोपाल का चयन
हाल ही में गोवा में मोपा एयरपोर्ट शुरू हुआ है। वहां पर मौजूद सुविधाओं को देखते हुए निजी एयरलाइंस कंपनी की टीम ने मेट्रो सिटीज सहित कुछ शहरों के लिए फ्लाइट्स शुरू करने की सहमति दी है। यही वजह है कि, इसमें भोपाल को भी शामिल किया गया है। तीन शहरों के लिए राजधानी से सीधी उड़ान शुरू होने के बाद राजधानी के लोगों को इसका फायदा मिलेगा। पूर्व में कोलकाता समेत कई बड़े शहरों के लिए भोपाल से कोई एयर क्नेक्टिविटी नहीं होने के कारण यहां के लोगों को गोवा, पुणे व कोलकाता के लिए दिल्ली, मुंबई व जयपुर से हवाई सफर करना पड़ रहा था। अब सीधी उड़ान शुरू होने से लोगों की परेशानी कम होगी।
