Bhopal News: भोपाल के गोविंदपुरा थाना क्षेत्र के गौतम नगर में एक 90 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध हालात में मिला। निर्माणाधीन मकान में 90 वर्षीय इतवारी बाई की संदिग्ध हालत में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के शरीर पर कई जगह चोट और जलने के निशान थे। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
पोते से पूछताछ कर रही है पुलिस (सांकेतिक तस्वीर | Canva)
पोता है आरोपी
पुलिस ने मृतका के पोते कार्तिक को हिरासत में लिया है। ACP गोविंदपुरा, अदिति बी सक्सेना ने बताया कि कार्तिक इस मामले में मुख्य संदिग्ध है और उससे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में कार्तिक ने स्वीकारा कि रविवार दोपहर करीब 11 बजे उसका अपनी दादी से विवाद हुआ था, जिसमें उसने उनके साथ मारपीट की थी। आस-पास के लोगों ने उस दौरान बीच-बचाव भी किया। कार्तिक ने यह भी बताया कि उसकी दादी अक्सर घर से भागने की कोशिश करती थी, जिसकी वजह से उसने गुस्से में आकर महिला के साथ मारपीट की।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
रविवार शाम जब परिजन वृद्धा से मिलने पहुंचे, तो उन्हें कमरे में मृत अवस्था में पाया गया। पुलिस ने तत्काल शव को कब्जे में लेकर सोमवार को परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम कराया है। अब रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे मौत की वजह साफ हो सकेगी।
मामले की जांच जारी
पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और पड़ोसियों से भी पूछताछ की जा रही है। यह जानने की कोशिश की जा रही है कि मारपीट के बाद क्या कोई अन्य घटनाक्रम भी सामने आया। फिलहाल कार्तिक हिरासत में है और मामला गंभीरता से जांच के दायरे में है।
