भोपाल पुलिस ने शहर के हबीबगंज इलाके से मानव तस्कर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। एक महिला और एक युवक पुलिस की गिरफ्त में हैं, जबकि चार अन्य आरोपी अभी फरार चल रहे हैं। आरोपियों ने एक नाबालिग लड़की को 2.75 लाख रुपये में राजस्थान में बेच दिया था।
मामला तब शुरू हुआ जब नाबालिग लड़की माता-पिता की डांट से नाराज होकर 2 फरवरी 2025 को घर से बाहर चली गई। नाबालिग की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद किडनैपिंग से जुड़ी धाराओं में FIR दर्ज की गई। पीड़ित नाबालिग ने बाद में अपने परिजनों को मदद के लिए फोन किया, जिसके बाद भोपाल पुलिस ने राजस्थान के फतेहपुर जिले में उसे खोज निकाला।
ये भी पढ़ें - क्या है पूर्णिया के नाम की कहानी, कैसे पड़ा ये नाम
नाबालिग लड़की ने बताया कि वह अपनी दोस्त अंकिता के पास गई थी। अंकिता ने उसे बताया कि पुलिस उसे ढूंढ रही है। इसके बाद, अंकिता ने अपनी ननद दुर्गा को इस बारे में बताया, जिसने नाबालिग को कुसुम विश्वकर्मा के पास भेज दिया। कुसुम ने 19 अप्रैल से लड़की को अपने घर में रखा और बाद में उसे गुना जिले के आरोन में नरेंद्र कुमार को 2.75 लाख रुपये में बेच दिया।
आरोपी ने लड़की के साथ एफिडेविट पर शादी भी कर ली। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में कुसुम विश्वकर्मा और उसके पति उमाशंकर भी शामिल हैं। उनके खिलाफ भोपाल में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
