Bettiah Codeine Cough Syrup: बिहार के बेतिया शहर में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने एक पान की दुकान से भारी मात्रा में कोडिन युक्त कफ सिरप बरामद किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान कोडिन कफ सिरप की 1200 बोतलों को जब्त किया। इस दौरान एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
बेतिया में पान दुकान से 1200 बोतल कोडिन कफ सिरप बरामद
10 कार्टून में रखी थी कफ सिरप की खेप
यह घटना बेतिया के नौतन थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पाठक जी बाजार स्थित एक पान की दुकान पर छापेमारी की। पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान दुकान से कुल 1200 पीस कोडिन कफ सिरप बरामद हुआ। कफ सिरप की पूरी खेप को 10 कार्टून में रखा गया था। बरामद कफ सिरप की कीमत लाखों रुपये में बताई जा रही है।
पान दुकान की आड़ में चल रहा था कारोबार
पुलिस का आरोप है कि बाजार में पान की दुकान की आड़ में नशे में इस्तेमाल होने वाली प्रतिबंधित दवाइयों को बेचा जा रहा था। पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। जिसकी पहचान फतेहपुर सुंदर पट्टी गांव निवासी उदय कुमार के रूप में हुई है। नौतन थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पासवान ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है।
नशे के कारोबार पर पुलिस की लगातार नजर
थानाध्यक्ष ने बताया कि इलाके में अवैध रूप से चल रहे नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है। पुलिस को सूचना मिलने पर संदिग्ध दुकानों और ठिकानों पर कार्रवाई की जा रही है।
बिना वैध अनुमति नहीं हो सकती कफ सिरप की बिक्री
पुलिस के अनुसार, कोडिन युक्त कफ सिरप नारकोटिक ड्रग्स से संबंधित नियमों के दायरे में आता है। इसकी खुले आम बिक्री की अनुमति नहीं होती। इसे केवल तय नियमों के तहत मान्यता प्राप्त मेडिकल स्टोर से या एमबीबीएस डॉक्टर की वैध पर्ची के आधार पर खरीदा और बेचा जा सकता है।
