Baghpat Police Encounter: उत्तर प्रदेश के बागपत में राष्ट्रपति भवन में तैनात सुरक्षा गार्ड सौरभ कुमार को दीपावली की रात गोली मारने के चर्चित मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना रमाला पुलिस ने दोनों वांछित आरोपियों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान धीरज और मोनू के रूप में हुई। दोनों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी गोली लगने से घायल हुआ है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बागपत गोलीकांड में दो इनामी बदमाश गिरफ्तार
दीपावली की रात पड़ोसियों में हुआ था विवाद
मामला बागपत के थाना रमाला क्षेत्र के गांव गोपालपुर खड़ाना का है। 8 नवंबर को दीपावली की रात पड़ोसियों के बीच कहासुनी के बाद विवाद हो गया था। इस दौरान मारपीट और फायरिंग हुई थी। आरोप है कि धीरज की ओर से चलाई गई गोली दीवार से टकराकर सौरभ कुमार के सिर में जा लगी थी। घटना में सौरभ का भाई विपिन भी घायल हुआ था। गंभीर रूप से घायल सौरभ को मेरठ के मिमेन्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने ऑपरेशन के दौरान उसके सिर से गोली निकाल दी थी।
गिरफ्तारी पर घोषित था 10-10 हजार का इनाम
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बागपत के पुलिस अधीक्षक ने 11 नवंबर को नामजद आरोपी धीरज और मोनू की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इसके बाद से पुलिस की टीमें लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई थीं और अलग-अलग इलाकों में दबिश दी जा रही थी। आखिरकार 13 नवंबर को रमाला पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो अवैध .315 बोर के तमंचे, दो जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद किए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
