Ayodhya Jagdishpur Highway: उत्तर प्रदेश में बुनियादी ढांचे के विकास और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक नया मील का पत्थर स्थापित हुआ है। अयोध्या-जगदीशपुर फोर-लेन (NH-330A) ने न केवल रामनगरी की दूरी कम की है, बल्कि लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज और रायबरेली जैसे प्रमुख शहरों के बीच कनेक्टिविटी का एक शानदार जाल बिछा दिया है। 1,530 करोड़ की लागत से तैयार इस 60 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर से पर्यटन और व्यापार को नए पंख मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। अयोध्या-जगदीशपुर फोर-लेन (NH-330A) केवल दो शहरों को नहीं जोड़ता, बल्कि उत्तर प्रदेश के एक बड़े हिस्से की अर्थव्यवस्था और परिवहन व्यवस्था को बदल रहा है। कोविड जैसी वैश्विक महामारी की चुनौतियों के बावजूद, NHAI ने तीन साल से भी कम समय में इसे पूरा कर लिया है।
लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, रायबरेली से कनेक्टिविटी हुई बेहतर (NHAI)
प्रमुख शहरों से बेहतर कनेक्टिविटी
यह फोर-लेन कॉरिडोर अयोध्या को अमेठी के जगदीशपुर से जोड़ते हुए लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज और रायबरेली तक सीधी पहुंच आसान करता है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यह राजमार्ग अयोध्या-चित्राकूट इंटर-कॉरिडोर का एक अहम हिस्सा है, जिससे दो धार्मिक शहरों के बीच की यात्रा सुगम हो गई है। यह हाईवे सीधे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से भी कनेक्टेड है, जिससे दिल्ली और अन्य राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अयोध्या पहुंचना अब बेहद आसान है।
आस्था और अर्थ का संगम
जहां एक ओर राम मंदिर के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं का सफर अब 'जाम मुक्त' हो गया है, वहीं दूसरी ओर जगदीशपुर इंडस्ट्रियल एरिया के लिए यह सड़क संजीवनी साबित हो रही है। भारी मालवाहक वाहनों के लिए सुगम रास्ता मिलने से माल ढुलाई की लागत और समय में भारी कमी आई है।
अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और सुरक्षा
60 किमी लंबे इस मार्ग पर सुरक्षा और रफ्तार का विशेष ध्यान रखा गया है। इसपर एक रेलवे ओवरब्रिज (ROB) और एक बड़ा फ्लाईओवर बनाया गया है। साथ ही स्थानीय लोगों और मवेशियों की सुरक्षा के लिए 8 अंडरपास का निर्माण हुआ है। रसूलपुर मीठे गांव में आधुनिक टोल प्लाजा बनाया गया है, जहां FASTag के जरिए वाहन बिना रुके सुगमता से क्रॉस कर जाते हैं। हाइब्रिड एनुइटी मोड पर बनी इस सड़क के अगले 15 वर्षों तक रखरखाव की जिम्मेदारी तय की गई है, जिससे यह गड्ढा मुक्त बनी रहेगी।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था में आया उछाल
इस हाइवे के विकास से मिल्कीपुर और सुल्तानपुर जैसे इलाकों में भी रौनक लौट आई है। हाईवे किनारे नए ढाबे, रेस्टोरेंट और टाउनशिप विकसित हो रहे हैं। बेहतर कनेक्टिविटी के कारण दूध और सब्जी के व्यापारियों को मंडियों तक पहुंचने में आसानी हो रही है, जिससे स्थानीय रोजगार के नए अवसर खुले हैं। साथ ही, अब आपातकालीन स्थिति में मरीज केवल 5 से 10 मिनट में नाका बाईपास या बड़े अस्पतालों तक पहुंच पा रहे हैं।
