Assam Flood: पूर्वोत्तर राज्य असम में मूसलाधार बारिश के बाद आई बाढ़ का कहर जारी है। डिजास्टर रिपोर्टिंग एंड इंफॉर्मेशन मैनेजमेंट सिस्टम (DRIMS) द्वारा जारी 31 जुलाई तक की लेटेस्ट रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में बाढ़ से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 80 हो गई है। हाल ही में दो नई मौतों की पुष्टि हुई है, जिनमें से एक शिवसागर और दूसरी चराईदेव जिले से दर्ज की गई है। फिलहाल राज्य के 5 प्रमुख जिलों के 379 गांव पूरी तरह बाढ़ की चपेट में हैं और 1.92 लाख से अधिक आबादी इससे प्रभावित हुई है।
बाढ़ में मृतकों की संख्या बढ़कर 80 हुई
5 जिलों में 1.92 लाख आबादी और 15 हजार हेक्टेयर फसल प्रभावित
डीआरआईएमएस की रिपोर्ट के मुताबिक, बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित जिले शिवसागर, गोलाघाट, जोरहाट, नौगांव और चराईदेव हैं। कुल 1,92,799 लोग बाढ़ की आफत झेल रहे हैं। बाढ़ के कारण 15,430 हेक्टेयर कृषि फसल जलमग्न हो गई है, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है। राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी भी जिले से शहरी इलाकों में बाढ़ की खबर नहीं है।
गौतम अडानी ने दिए 11 तो कार्तिक आर्यन ने की 1 करोड़ की मदद
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने राज्य में बाढ़ राहत और पुनर्वास कार्यों में सहायता के लिए उद्योगपति गौतम अडानी का आभार व्यक्त किया है। अडानी ने मुख्यमंत्री राहत कोष (CMRF) में 11 करोड़ रुपये का ऑनलाइन योगदान दिया है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर लिखा कि असम के लोगों के प्रति उनका सच्चा स्नेह और जरूरत के समय उनके साथ खड़े होने की उनकी भावना वास्तव में सराहनीय है। राहत कोष में योगदान किए गए एक-एक रुपये का उपयोग अत्यंत पारदर्शिता और जिम्मेदारी से किया जाएगा। इसके अलावा, हिंदी फिल्म अभिनेता कार्तिक आर्यन ने भी मानवीय संवेदना दिखाते हुए असम मुख्यमंत्री राहत कोष में 1 करोड़ रुपये का योगदान दिया है। मुख्यमंत्री सरमा ने इस सहयोग के लिए अभिनेता की सराहना की।
मुस्लिम राष्ट्रीय मंच ने भी किया वित्तीय सहायता का ऐलान
बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए राष्ट्रीय स्तर पर भी पहल शुरू हो गई है। मुस्लिम राष्ट्रीय मंच (MRM) के राष्ट्रीय संयोजक शाहिद सईद ने जानकारी दी कि नई दिल्ली स्थित कलाम भवन में आयोजित एक कोर टीम बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संगठन असम मुख्यमंत्री राहत कोष में वित्तीय योगदान देगा और जमीनी स्तर पर राहत सामग्री का वितरण तेज करेगा।
