गोंडा पहुंचे अमेरिकी फिटनेस स्टार Ashton Hall, सांसद करण भूषण सिंह से सीखी निशानेबाजी, वीडियो हुआ वायरल

अमेरिका के प्रसिद्ध फिटनेस इन्फ्लुएंसर एश्टन हॉल ने उत्तर प्रदेश के गोंडा में नंदिनी नगर शूटिंग रेंज का दौरा कर निशानेबाजी और घुड़सवारी का अनुभव लिया। इस दौरान कैसरगंज से बीजेपी सांसद करण भूषण सिंह ने उन्हें शूटिंग की बारीकियां सिखाईं और खास मेहमान के रूप में स्वागत किया।

Ashton Hall: अमेरिका के मशहूर फिटनेस आइकॉन और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर एश्टन हॉल (Ashton Hall) इन दिनों भारत दौरे पर थे। इस दौरान वह उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में स्थित नंदिनी नगर शूटिंग रेंज पहुंचे, जहां उनकी मुलाकात कैसरगंज से बीजेपी सांसद और बृज भूषण शरण सिंह के बेटे करण भूषण सिंह से हुई। शूटिंग रेंज पहुंचने पर सांसद करण भूषण सिंह ने एश्टन हॉल का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर उन्होंने एश्टन को निशानेबाजी की बारीकियों से अवगत कराया और शूटिंग के विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। सांसद ने उन्हें बताया कि शूटिंग में किन उपकरणों का इस्तेमाल किया जाता है। बता दें कि करण भूषण सिंह खुद एक राष्ट्रीय स्तर के शूटर रह चुके हैं और कई प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुके हैं।

Ashton Hall Tries Shooting

नंदिनी नगर शूटिंग रेंज में दिखा एश्टन हॉल का देसी अंदाज (फोटो- Instagram: Karan Bhushan Singh)

निशाना साधकर शूटिंग का अनुभव लिया

नंदिनी नगर शूटिंग रेंज की व्यवस्थाओं और सुविधाओं को करीब से देखने के बाद एश्टन हॉल ने खुद निशानेबाजी करने की इच्छा जताई। इसके बाद कैसरगंज से बीजेपी सांसद करण भूषण सिंह ने उन्हें शूटिंग की तकनीक समझाते हुए रेंज में अभ्यास भी कराया। एश्टन हॉल ने एक नहीं बल्कि दो बार निशाना साधकर शूटिंग का अनुभव लिया और वह इसे लेकर काफी उत्साहित दिखाई दिए। इस दौरान उनके साथ मौजूद भारतीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर योगेंद्र कुशवाहा, जिन्हें 'इंडियन एश्टन हॉल' के नाम से जाना जाता है, ने भी शूटिंग का अभ्यास किया। सांसद करण भूषण सिंह ने उन्हें भी निशानेबाजी के टिप्स दिए और शूटिंग की बारीकियां सिखाईं।

End of Feed