Amritsar News: पंजाब के अमृतसर में पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से कथित तौर पर संबंध रखने वाले एक कुख्यात अपराधी को मुठभेड़ में मार गिराया। अधिकारी ने बताया कि अमृतसर के एंटी-गैंगस्टर ऑपरेशन सेल को अपराधी हरजिंदर हैरी और उसके सहयोगी सनी के शहर में एक्टिव होने की सूचना मिली थी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हैरी के तार पाकिस्तान स्थित आईएसआई और अन्य विदेशी गैंगस्टरों के साथ जुड़े हुए थे। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुठभेड़ में एक आरोपी को मार गिराया।
अमृतसर पुलिस ने ISI से जुड़ा अपराधी हरजिंदर हैरी मुठभेड़ में मार गिराया
मुठभेड़ में एक कुख्यात अपराधी ढेर
पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों अपराधियों को चेक प्वाइंट पर रोका गया, जिसके बाद अपराधियों ने तुरंत पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी। शुरू में पुलिस ने उन्हें आत्मसमर्पण करने के लिए हवा में फायरिंग कर चेतावनी दी। लेकिन अपराधियों ने पुलिस की नहीं सुनी और उन पर लगातार फायरिंग करते रहे। इस फायरिंग में पुलिस का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अपराधी हरजिंदर हैरी को गोली लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस बीच उसका साथी सनी मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने उसकी तलाशी में सघन अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस ने अपराधियों के पास से अवैध हथियार भी बरामद किए हैं।
जब्त फोन से ISI कनेक्शन का खुलासा
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने हैरी के आईएसआई कनेक्शन का खुलासा किया और बताया कि मृत अपराधी के पास से जब्त किए फोन की जांच में आभासी विदेशी नंबर मिले हैं। उन्होंने बताया कि ये नंबर स्पष्ट रूप से संकेत देते हैं कि हैरी सीमा पार की खुफिया एजेंसी आईएसआई और विदेशी गैंगस्टरों के साथ लगातार संपर्क में था और उनके इशारे पर काम कर रहा था। इस मुठभेड़ से यह भी साबित होता है कि आईएसआई पंजाब में टारगेट किलिंग के जरिए अशांति फैलाने की कोशिश कर रही है।
