Ayodhya News: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने रविवार को दावा किया कि अयोध्या विधानसभा क्षेत्र से उनकी पार्टी के उम्मीदवार पवन पांडेय प्रतिद्वंद्वियों को हराएंगे और "अहंकारी लोग" हवा के झोंके में उड़ जाएंगे। पूर्व मुख्यमंत्री ने यहां जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय केंद्र (जेपीएनआईसी) में लोकनायक की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "अहंकारी लोग हवा के झोंके में उड़ जाएंगे। किसका टिकट पहले तय किया गया? वह अयोध्या से पवन पांडेय हैं।’’
अयोध्या सीट को लेकर अखिलेश-योगी आमने-सामने (फोटो- PTI)
क्या मुख्यमंत्री चुनाव के टिकट बांटते हैं?
अखिलेश ने कहा, "बताइए, क्या मुख्यमंत्री (चुनाव के) टिकट बांटते हैं? उन्हें (आदित्यनाथ को) भी टिकट पाने के लिए लाइन में लगना पड़ता है। इतना ही नहीं, उन्हें दूसरों को टिकट दिलाने के लिए भी गुहार लगानी पड़ती है। जिसे खुद यह पक्का नहीं है कि उसे टिकट मिलेगा या नहीं, वह दूसरों को टिकट दिलाने की बात कर रहा है। पहले अपना टिकट पक्का करवाइए, फिर मुझे चुनौती दीजिए।"
अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती
सपा प्रमुख का बयान इस मायने में महत्वपूर्ण है कि एक दिन पहले बलरामपुर में एक जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या से चुनाव लड़ने की उनकी (अखिलेश यादव की) चुनौती स्वीकार की थी। सीएम आदित्यनाथ ने कहा था कि दोनों नेताओं को अयोध्या से चुनाव लड़ना चाहिए। इससे दो दिन पहले यादव ने आदित्यनाथ को अयोध्या से विधानसभा चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी।
'मैं भी अयोध्या से चुनाव लड़ूंगा और अपना भाग्य आजमाऊंगा'
मुख्यमंत्री ने कहा था, "अखिलेश जी, अयोध्या हमारी पवित्र भूमि है। वहां के विकास में कोई कमी न रहे और उत्तर प्रदेश की पहचान किसी तरह खराब न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए मैं बार-बार अयोध्या जाता हूं। यह हमारी आस्था और भक्ति का केंद्र है। हम वहां चुनाव लड़ने नहीं जाते, बल्कि वहां के सर्वांगीण विकास के लिए जाते हैं।" उन्होंने कहा, "मैं आपको (अखिलेश यादव को) अयोध्या से नामांकन दाखिल करने का निमंत्रण देता हूं। मैं भी वहां से चुनाव लड़ूंगा और अपना भाग्य आजमाऊंगा। निर्णय होने दें। आप आएं और मैं भी आऊंगा। लड़ाई प्यादों से क्यों होनी चाहिए? आमने-सामने की लड़ाई होनी चाहिए।"
