गटर का पानी, मिनरल वॉटर और शीशा बंद... मीडिया के सवालों से भागते दिखे आकाश विजयवर्गीय

देश के ‘सबसे स्वच्छ शहर’ कहे जाने वाले इंदौर में साफ पानी की हकीकत ने सिस्टम के दावों की पोल खोल दी है। भगीरथपुरा इलाके में दूषित और सीवर मिले पानी से हुई मौतों के बाद जब गुस्साई जनता जवाब मांग रही है, तब जिम्मेदारों के प्रतिनिधि सवालों से बचते नजर आ रहे हैं। टाइम्स नाउ नवभारत के कैमरे के सामने पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय का सवालों से भागना न सिर्फ प्रशासनिक संवेदनहीनता को उजागर करता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि सत्ता और आम जनता के बीच बुनियादी जरूरतों तक को लेकर कितनी गहरी खाई बन चुकी है।

हिंदी के कवि दुष्यंत कुमार ने लिखा था- कहां तो तय था चरागां हर एक घर के लिए, कहां चराग मयस्सर नहीं शहर के लिए... लाचार-पंगु सिस्टम पर सवाल करतीं इन पंक्तियों में जिन बुनियादी चीजों की बात हो रही है, वो शायद पानी से कुछ ऊपर ही होंगी। पानी और हवा से भला क्या बुनियादी होगा। देश के 'सबसे साफ शहर' में ऐसी साफ पानी तक मयस्सर नहीं है। इंदौर का भगीरथपुरा इलाका, जो पिछले कुछ दिनों से सुर्खियों में है, वहां लोग मल वाले बैक्टिरिया का पानी पीने को मजबूर थे और प्रशासन को सुध तब आई, जब एक के बाद एक कई लोग अपनी जान से हाथ धो बैठे। अब दूषित पेयजल से लोगों की मौत के बाद गुस्से में उबली जनता सवाल पूछ रही है, तो जवाब देने के बजाय नेता भागते नजर आ रहे हैं। इसी मामले में कैलाश विजयवर्गीय के बेटे और पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय से जब टाइम्स नाउ नवभारत ने भागीरथपुरा में जहरीले पानी और मौतों को लेकर सवाल किए, तो वे कैमरे और माइक से बचते दिखे। सवालों से घिरने पर उन्होंने बिना जवाब दिए वहां से निकलना मुनासिब समझा।

akash vijayvargiya Avoiding media questions

मीडिया के सवालों से बचते दिखे आकाश विजयवर्गीय

सवालों से बचते रहे, शीशा चढ़ाकर निकल गए

टाइम्स नाउ नवभारत की टीम लगातार आकाश विजयवर्गीय से यह सवाल पूछती रही कि भागीरथपुरा की जनता गटर मिला पानी पीने को मजबूर क्यों है। लेकिन आकाश विजयवर्गीय न तो रुके, न ही किसी सवाल का जवाब दिया। आखिरकार उन्होंने गाड़ी का शीशा चढ़ाया और मौके से निकल गए। यह वही आकाश विजयवर्गीय हैं, जो कभी एक अधिकारी पर बल्ले से हमला करने के मामले में सुर्खियों में रहे थे, लेकिन अब जनता और मीडिया के सवालों का सामना करने से बचते नजर आ रहे हैं।

End of Feed