Uttar Pradesh News: गणेश विसर्जन को लेकर उत्तर प्रदेश के आगरा में दो दिनों (गुरुवार और शुक्रवार) के लिए रूट डायवर्जन किया गया है। इन दो दिनों तक शहर के हाथी घाट, बल्केश्वर और कैलाश घाट पर भगवान गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। जिसे देखते हुए ट्रैफिक सिस्टम में थोड़ा बदलाव किया गया है। परिवर्तन से जुड़ी जानकारी ट्रैफिक पुलिस ने साझा की है।
आगरा में दो दिनों के लिए रूट डायवर्जन किया गया है।
सुबह 6 बजे से वाहनों को रोकने का निर्देश
अपर पुलिस उपायुक्त, यातायात अरुण चंद्र ने ट्रैफिक रूट डायवर्जन से जुड़ी जानकारी साझा करते हुए ये बताया कि विसर्जन के दौरान यमुना किनारा मार्ग पर वाहनों की एंट्री पर प्रतिबंध लगाया गया है। सुबह 6 बजे से वाहनों को रोकने का निर्देश दिया गया है। इसके लिए यातायात पुलिस की तैनाती की गई है। थाना पुलिस भी नियमों का पालन कराने के लिए सहयोग करेगी। अरुण चंद्र ने दावा किया कि आगरा में जाम की समस्या नहीं होने दी जाएगी।
किन इलाकों के लिए क्या है ट्रैफिक प्लान?
- वाटर वर्क्स चौराहा से यमुना किनारा मार्ग होकर श्मशान घाट चौराहा तक हर तरह के वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा है।
- आंबेडकर पुल पर एत्माद्दौला की ओर से बेलनगंज की तरफ कोई भी व्यवसायिक वाहन नहीं आएगा।
- रोडवेज, टूरिस्ट बस अन्य व्यवसायिक वाहन की बिजलीघर चौराहा से, आगरा फोर्ट से हाथीघाट की तरफ नहीं जाएंगे।
- ऐसे वाहन जिनको फतेहाबाद रोड, ताजमहल, ग्वालियर जाना है और यमुना एक्सप्रेसवे से आ रहे हैं, इनर रिंग रोड होकर फतेहाबाद रोड, मॉल रोड से जाएंगे।
- हाथीघाट रेलवे पुल पर फोर्ट की तरफ बैरियर लगाकर प्रतिमाओं को लाने वाले वाहनों को ही प्रवेश दिया जाएगा।
- शेष वाहनों को हाथीघाट रेलवे पुल पर फोर्ट की तरफ बैरियर लगाकर श्मशान घाट चौराहा की तरफ डायवर्ट कर दिया जाएगा।
- गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के समय यमुना किनारा मार्ग के हाथीघाट पर हर तरह के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
- कोई भी बड़ा वाहन बस, ट्रैक्टर, डीसीएम, विक्टोरिया पार्क तिराहा से यमुना किनारा हाथी घाट की ओर जाने की अनुमति नहीं है।
- सभी सवारी वाहनों को यमुना किनारा मार्ग से डायवर्ट किया गया है, जो एमजी प्रथम रोड होकर आवागमन कर सकेंगे।
- वाहनों को पहले से निर्गत किए गए अनुमति पत्र और नो एंट्री पास गणेश प्रतिमा विसर्जन की समाप्ति तक निरस्त माने जाएंगे।
- सभी व्यवसायिक वाहनों पर सहायक पुलिस आयुक्त, छत्ता कार्यालय के पास तिराहा से यमुना किनारे हाथीघाट की ओर प्रतिबंध रहेगा।
- स्ट्रेची ब्रिज पर एत्माद्दौला की ओर से हर तरह के वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।
