Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के दो इलाकों का नाम बदलने का प्रस्ताव अब राज्य सरकार को भेजने की तैयारी चल रही है। समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक आगरा जिला पंचायत ने फतेहाबाद कस्बे और उसके एक इलाके बादशाही बाग का नाम बदलने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कर दिया है।
फतेहाबाद कस्बे और उसके बादशाही बाग इलाके के नाम बदलने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हुआ
सोमवार को हुई बोर्ड बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया ने यह प्रस्ताव पेश किया और इसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। अब इसे मंजूरी के लिए योगी सरकार को भेज दिया गया है। प्रस्ताव में कहा गया है कि वर्तमान नाम गुलामी का प्रतीक हैं, इसलिए उन्हें बदला जाना चाहिए।
प्रस्ताव के अनुसार, फतेहाबाद कस्बे का नाम पहले समुगढ़ हुआ करता था, जिसे बाद में बदलकर फतेहाबाद किया गया। अब सुझाव दिया गया है कि इसका नाम सिंदूरपुरम रखा जाए। वहीं, कस्बे के बादशाही बाग इलाके का नाम बदलकर ब्रह्मपुरम रखने की सिफारिश की गई है। प्रस्ताव में यह भी उल्लेख है कि ब्रह्मपुरम नाम ब्रह्मोस मिसाइल और भगवान ब्रह्मा से प्रेरित होकर चुना गया है।
अब यह प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा गया है, जिसकी मंजूरी मिलने के बाद आधिकारिक रूप से नाम परिवर्तन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
