Agra: उत्तर प्रदेश के आगरा में लुटेरी दुल्हन को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां शादी करके घर आई नई नवेली दुल्हन पति और ससुराल के अन्य सदस्यों को बेहोश करके जेवरात और लाखों की नकदी चुराकर रफूचक्कर हो गई। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने आरोपी दुल्हन के नकली फूफा और बुआ को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह एक गिरोह है, जिसमे कई लोग शामिल है और वह नकली शादी करके चोरी की वारदात को अंजाम देते हैं।
आगरा मेंं लुटेरी दुल्हन
लुटेरी दुल्हन का शिकार बना आगरा का परिवार
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आगरा के हाल ही में आगरा के सीता नगर में रहने वाली कुसुमा देवी ने वकील जेपी धाकरे के माध्यम से अपने बेटे की शादी आतिमा नाम की एक लड़की से तय की थी। उन्हें क्या पता था कि जिस लड़की को नाजों सेे वह बहू बनाकर ला रही हैं वो उनके घर की लक्ष्मी बनने नहीं चुराने की नियत से आई है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि वकील ने कुसुमा देवी से 1.20 लाख रुपये शादी करवाने के लिए लिये थे। रिंकू और आतिमा की शादी 4 मई को एक मंदिर मे कराई गई थी और विदाई के बाद दुल्हन घर आई। मौका देखते ही लुटेरी दुल्हन ने नशीला पदार्थ दूध में मिलाकर पति और ससुरालियों को पिलाया और वह बेहोश हो गए। परिवार के लोगों की बेहोशी का फायदा उठाते हुए लुटेरी दुल्हन ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गई।
पुलिस ने किया नकली बुआ-फूफा को गिरफ्तार
होश में आने के बाद ससुरालियों ने बिचौलिए से मामले की शिकायत की, जिसके बाद पुलिस में मामला दर्ज कराया गया। पुलिस ने इस मामले में दुल्हन के नकली बुआ और फूफा को गिरफ्तार कर लिया है। लुटेरी दुल्हन और उसके अन्य साथियों को भी जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इस बीच दूल्हे के भाई ने पुलिस पर मदद न करने का आरोप लगाया है। भाई का कहना है कि उन्होंने खुद आरोपियों को खोजा और पुलिस को इसकी सूचना दी।
