UP Nagar Nikay Chunav 2023 : उत्तर प्रदेश के आगरा में निकाय चुनाव (UP Nikay Chunav) की तैयारियां जोरों पर हैं। सभी दलों के वरिष्ठ नेता और स्टार प्रचारकों ने ताल ठोंकनी शुरू कर दी है। इसी क्रम में सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) आज आगरा में जनसभा करने वाले हैं। भाजपा की मेयर पद की प्रत्याशी हेमलता दिवाकर कुशवाहा के लिए योगी- (Yogi Adityanath) जनता से वोट की अपील करेंगे। मुख्यमंत्री (CM Yogi) की ये जनसभा ताजनगरी के जीआईसी मैदान में आयोजित होगी। बताया जा रहा है कि सीएम योगी (CM Yogi) सवा तीन बजे रैली स्थल पर पहुंचेंगे और BJP प्रत्याशी को जिताने की अपील करेंगे।
सीएम योगी आगरा में करेंगे जनसभा। (सांकेतिक फोटो)
कार्यकर्ताओं ने किया हवन
भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जीआईसी मैदान में सभी तैयारियों को पूरा कर लिया है। योगी के आने से एक दिन पहले यानि बुधवार को कार्यकर्तााओं ने जीआईसी मैदान में हवन और पूजन किया। इसके बाद यहीं पर कार्यकर्ताओं और पार्टी के पदाधिकारियों ने बैठक की। इस मीटिंग में चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को जिताने की पृष्ठभूमि भी तैयार की गई। बता दें कि महानगर अध्यक्ष भानु महाजन ने जीआईसी मैदान पर जाकर सभी तैयारियों का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था को भी परखा।
45 मिनट तक रुकेंगे सीएम योगी
शुरुआती जानकारी के मुताबिक बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री आगरा के जीआईसी मैदान में सवा तीन बजे आने के बाद 45 मिनट तक रुक सकते हैं। यहां पर भाषण देने के बाद वे चार बजे के करीब लखनऊ रवाना हो जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भाजपा के नगर पंचायत अध्यक्ष, पार्षद प्रत्याशी और मेयर प्रत्याशी हेमलता दिवाकर के हक में वोट की अपील करेंगे।
पार्किंग व्यवस्था का रखा गया ध्यान
सीएम योगी की जनसभा के मद्देनजर प्रशासन ने आज शहर में रूट डायवर्जन किया है। इस दौरान वाहनों की पार्किंग व्यवस्था में भी फेरबदल किया गया है। भगवान टाकीज और क्लब चौराहा क्षेत्र से जीआईसी मैदान आने वाले लोग अपने वाहनों को पुलिस अस्पताल ग्राउंड के पास पार्क कर सकेंगे। छोटे वाहनों से आने वाले लोग डीआईओएस मैदान और सरस्वती विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तहसील रोड में अपने वाहनों को पार्क कर सकेंगे। इसके अलावा सिकंदरा, बोदला और भरतपुर से आने वाले बड़े-छोटे वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था कोठी मीना बाजार मैदान में की गई है। वहीं, ये भी बताया गया है कि जनसभा स्थल पर आने वाले सभी वीआईपी वाहनों की पार्किंग जीजीआईसी कॉलेज के पीछे वाले खाली मैदान, कोठी मीना बाजार और अशोक नगर तिराहा के निकट कराई जाएगी।
