Agra news : आगरा में एक बार फिर से खनन माफिया व पुलिस के आमने- सामने होने की घटना सामने आई है। आगरा जनपद के कुर्रा चित्तरपुर चौकी इलाके में पुलिस और अवैध खनन करने वालों के बीच जमकर गोलियों की बारिश हुई। इस दौरान एक ट्रैक्टर ड्राइवर को दो गोलियां लगने से वह गंभीर घायल हो गया। जिसे बाद में पुलिस ने हॉस्पिटल में दाखिल करवाया । जहां पर उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं पुलिस ने घटना स्थल से दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। पुलिस मुठभेड़ की ये वारदात इरादत नगर थाने के तहत कुर्रा चित्तरपुर चौकी इलाके में हुई।
खनन माफियाओं ने पुलिस टीम पर की थी फायरिंग। -प्रतीकात्मक तस्वीर
पुलिस के मुताबिक आगरा-ग्वालियर एनएच से कुर्रा चित्तरपुर मार्ग होते हुए चंबल की बालू से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जा रही थी। सूचना पर पुलिस टीम ने बालू से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का पीछा किया। इस दौरान सूरजपुरा रोड पर नहर पुल से पहले दो ट्रैक्टर फरार होने में सफल हो गए। इधर, दो ट्रैक्टर ट्रोलियों को पुलिस ने घेर लिया। इसी दौरान हुई फायरिंग में एक ट्रैक्टर ड्राइवर को दो गोलियां लग गई। जिससे वह घायल होकर ट्रैक्टर से नीचे गिर पड़ा। पुलिस ने उसे पकड़ लिया। इस बीच अन्य आरोपी भागने में सफल हो गए।
खनन माफियाओं ने पुलिस टीम पर की थी फायरिंग
खेरागढ़ डीएसपी महेश कुमार के मुताबिक कुर्रा चित्तरपुर क्षेत्र में मुठभेड़ हुई है। तीन-चार ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध तौर पर बालू का परिवहन कर रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की। इस बीच पुलिस से खुद को घिरा देखकर एक ट्रैक्टर पर सवार 10- 12 लोगों ने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक ट्रैक्टर चालक आकाश गुर्जर निवासी मुरैना को गोली लग गई। जिसे बाद में दबोच लिया गया। वहीं उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए। डीएसपी के मुताबिक पुलिस ने दो ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त की हैं। पुलिस अब आकाश से उसके अन्य साथियों के बारे में पूछताछ करेगी।
