LIVE

शहरों के मुख्य समाचार, 18 जून 2024 Highlights: वड़ोदरा एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, दिल्ली के गांधी नगर में एक कारखाने में लगी आग

शहरों के मुख्य समाचार, 18 जून 2024 Highlights: वड़ोदरा एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, दिल्ली के गांधी नगर में एक कारखाने में लगी आग
शहरों के मुख्य समाचार, आज के ताजा समाचार 18 जून 2024 Highlights: वड़ोदरा एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी है। पूर्वी दिल्ली के गांधी नगर इलाके में मंगलवार को सुबह एक कारखाने में आग लग गई, मध्य प्रदेश के इंदौर में अपने घर से विद्यालय के लिए निकली 13 साल की छात्रा ने एक रिहायशी इमारत की 14वीं मंजिल से कथित तौर पर कूदकर मंगलवार को आत्महत्या कर ली, तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी आज दो दिवसीय दौर पर वाराणसी आ रहे हैं, गोंडा के इथियाटोक थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम दो कार की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक और उसकी साली की मौत हो गयी जबकि सात अन्य घायल हो गये। इनके अलावा राज्‍यों के प्रमुख समाचार ये हैं :
Jun 18, 2024 | 08:48 PM IST

तिहाड़ में बंद महाठग सुकेश के लिए ठंडी हवा की व्यवस्था

दिल्ली में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच महाठग सुकेश चंद्रशेखर के लिए राहत भरी खबर है। दिल्ली की एक अदालत ने भीषण गर्मी को देखते हुए तिहाड़ जेल में बंद महाठग सुकेश चंद्रशेखर को उसके खर्च पर कूलर उपलब्ध कराने का आदेश दिया है।
Jun 18, 2024 | 07:22 PM IST

राजस्थान में सांसद बने चार और विधायकों ने इस्तीफा दिया

राजस्थान में हाल में लोकसभा के लिए चुने गए चार और विधायकों ने विधानसभा से इस्तीफे दे दिया है।
Jun 18, 2024 | 06:19 PM IST

‘मन की बात' कार्यक्रम 30 जून से फिर शुरु होगा, प्रधानमंत्री ने मांगे सुझाव

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि आकाशवाणी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का प्रसारण 30 जून से फिर से शुरू होगा। उन्होंने लोगों से इसके लिए अपने विचार और सुझाव साझा करने का आग्रह किया। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘यह बताते हुए खुशी हो रही है कि चुनाव के कारण कुछ महीनों के अंतराल के बाद मन की बात वापस आ गया है! इस महीने का कार्यक्रम रविवार, 30 जून को होगा।’’
Jun 18, 2024 | 04:35 PM IST

अमरावती में उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण का स्वागत

Jun 18, 2024 | 04:10 PM IST

वड़ोदरा एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, पढ़ें पूरी खबर

गुजरात के वडोदरा एयरपोर्ट को दहशतगर्दों ने ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी है। सीआईएसएफ ने एयरपोर्ट पर जांच शुरू कर दी है।
Jun 18, 2024 | 02:19 PM IST

मणिपुर में तीन उग्रवादी गिरफ्तार, हथियार जब्त

सुरक्षा बलों ने मणिपुर के तेंगनौपाल जिले में तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार कर लिया, वहीं कांगपोकपी जिले में कई अत्याधुनिक हथियार जब्त किए। बयान के अनुसार सुरक्षा बलों ने 14 जून को तेंगनौपाल जिले में लामलोंग गांव के पास शानतोंग से तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया। सोमवार देर रात जारी बयान के अनुसार राज्य में स्थिति नियंत्रण में है और सुरक्षा बल कानून व्यवस्था की स्थिति कायम रखने के लिए लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं। कांगपोकपी जिले में गंगपिजांग पर्वतीय क्षेत्रों में एक अलग तलाशी अभियान में सुरक्षा बलों ने रविवार को एक 7.62 मिमी एके 56 असॉल्ट राइफल, एक 22 बोर राइफल, एक 12 इंच सिंगल-बोर बैरल गन, दो इंप्रोवाइज्ड प्रोजेक्टाइल लॉन्चर, एक चीनी हैंड ग्रेनेड, एक देसी हथगोला, एक 51 मिमी मॉर्टल और कारतूस बरामद किए।
Jun 18, 2024 | 02:13 PM IST

इंदौर में 13 वर्षीय छात्रा ने 14वीं मंजिल से कूदकर जान दी

मध्य प्रदेश के इंदौर में अपने घर से विद्यालय के लिए निकली 13 साल की छात्रा ने एक रिहायशी इमारत की 14वीं मंजिल से कथित तौर पर कूदकर मंगलवार को आत्महत्या कर ली। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अमरेंद्र सिंह ने बताया कि 13 वर्षीय लड़की ने लसूड़िया थाना क्षेत्र में एक रिहायशी इमारत की 14वीं मंजिल से कथित तौर पर छलांग लगा दी और नीचे गिरने के बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि यह लड़की कक्षा सात में पढ़ती थी और घर से यूनिफॉर्म पहनकर अपने विद्यालय जाने के लिए निकली थी। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने बताया, "छात्रा के पिता उसे विद्यालय की बस तक छोड़ने आए थे। बस आने से पहले उसके पिता घर लौट गए थे। पिता के लौटते ही वह रिहायशी इमारत की लिफ्ट में सवार हुई और 14वीं मंजिल पर पहुंचकर छलांग लगा दी।"
Jun 18, 2024 | 01:07 PM IST

पालघर में 5.17 लाख रुपये की शराब जब्त

महाराष्ट्र के पालघर जिले में पुलिस ने अवैध रूप से लाई जा रही 5.17 लाख रुपये मूल्य की शराब जब्त की। पुलिस अधीक्षक बालासाहेब पाटिल ने सोमवार को बताया कि महाराष्ट्र विधान परिषद की चार सीट के लिए 26 जून को होने वाले चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण जिले में पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है। उन्होंने बताया कि 'ऑल आउट ऑपरेशन' के दौरान वाडा थाने को सूचना मिली कि कुछ लोग शराब की तस्करी कर रहे हैं। अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने रविवार को तलाशी शुरू की और वाडा-मनोर रोड पर हमरापुर फाटा में एक प्लास्टिक कंपनी के पास एक टेम्पो खड़ा पाया, जिसके आसपास कोई नहीं था। उन्होंने बताया कि टेम्पो में विभिन्न ब्रांड की शराब की पेटियां थीं।
Jun 18, 2024 | 01:06 PM IST

एटा में मां की हत्या के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया

जमीन के लालच में मां की हत्या कर उसका शव अपने खेत में दफनाने के आरोपी युवक को पुलिस ने सोमवार की रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मृतक महिला के पुत्र की निशानदेही पर दफनाए गए स्थान से शव बरामद कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, यह घटना सकरौली थाना क्षेत्र के ग्राम धर्मपुर की है जहां 13 जून को जमीन के लालच में रमाशंकर ने अपने मित्र राम बाबू और नीरज के साथ मिलकर अपनी मां सीमा देवी (50) की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी तथा उसका शव अपने खेत में दफन कर दिया था। पुलिस ने बताया कि सीमा देवी के कई दिनों से लापता रहने पर उसके सौतेले बेटे हरपाल ने उसकी हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने रमाशंकर को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। रमाशंकर ने मां की हत्या कर शव दफनाने का जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने सोमवार की रात शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
Jun 18, 2024 | 01:05 PM IST

ठाणे में एक बेरोजगार युवक ने की आत्महत्या

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में बेरोजगारी से परेशान 23 वर्षीय एक युवक ने फांसी लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि युवक ने रविवार को डोंबिवली के देवी चौक इलाके में स्थित अपने घर में यह कदम उठाया। विष्णु नगर थाने के एक अधिकारी ने बताया कि उसके परिवार के सदस्यों ने उसे छत से लटका हुआ पाया और पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा। उन्होंने कहा कि वह युवक स्नातक था और नौकरी न मिलने के कारण अवसाद में था।
Jun 18, 2024 | 10:45 AM IST

दिल्ली: गांधी नगर में एक कारखाने में लगी आग

पूर्वी दिल्ली के गांधी नगर इलाके में मंगलवार को सुबह एक कारखाने में आग लग गई। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने बताया कि अग्निशमन सेवा को सुबह करीब 10 बजे आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पांच दमकल गाड़ियों को आग पर काबू पाने के लिए मौके पर भेजा गया।
Jun 18, 2024 | 09:15 AM IST

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत पणजी में गोवा क्रांति दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए

Jun 18, 2024 | 08:14 AM IST

असम के शांतिपुर गांव से एक AK56 राइफल बरामद

असम पुलिस ने उदलगुरी कस्बे के पास शांतिपुर गांव से एक AK56 राइफल, एक मैगजीन और 668 राउंड जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आगे की जांच जारी है।
Jun 18, 2024 | 07:11 AM IST

दिल्ली के ओखला में टैंकरों के जरिए हो रही पानी की आपूर्ति

Jun 18, 2024 | 05:46 AM IST

आज वाराणसी आएंगे पीएम मोदी

पीएम मोदी का आज दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी आ रहे हैं। यहां वे काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे और दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती में भी शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सेवापुरी विधानसभा स्थित मेंहदीगंज में किसान सम्मान सम्मेलन को संबोधित करेंगे। वे आज पीएम किसान सम्मान निधि की लगभग 20,000 करोड़ की 17 वीं किस्त जारी करेंगे। साथ ही स्वयं सहायता समूहों की 30 हजार से अधिक महिलाओं को सर्टिफिकेट भी प्रदान करेंगे।
Jun 18, 2024 | 05:46 AM IST

गोंडा में दो कार की सीधी टक्कर में दो लोगों की मौत

गोंडा के इथियाटोक थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम दो कार की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक और उसकी साली की मौत हो गयी जबकि सात अन्य घायल हो गये। इटियाथोक थाना के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) प्रदीप कुमार शुक्ला ने बताया कि थाना क्षेत्र के बेंदुली गांव के पास देर शाम तेज रफ्तार दो कारों में आमने-सामने टक्कर होने के कारण एक कार में आग लग गयी। परिणाम स्वरूप एक कार में सवार बलरामपुर जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत नंद नगर निवासी अमित कुमार शुक्ला (28) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी लक्ष्मी शुक्ला (27), बेटा विनायक शुक्ला (तीन) और साली प्रियंका तिवारी (25) गंभीर रूप से जख्मी हो गए। अस्पताल में उपचार के दौरान प्रियंका तिवारी की मौत हो गई।
Jun 18, 2024 | 05:46 AM IST

कंचनजंगा एक्सप्रेस ट्रेन मरम्मत कार्य के बाद सियालदह रेलवे स्टेशन पहुंची

Jun 18, 2024 | 05:45 AM IST

हरियाणा से कम पानी मिलने के कारण वजीराबाद में जलस्तर घटा: आतिशी

दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने सोमवार को वजीराबाद बैराज का दौरा किया और कहा कि हरियाणा से कम पानी आने के कारण वजीराबाद में जल स्तर 6.20 फुट घट गया है। आतिशी ने कहा कि यमुना नदी का पानी हरियाणा से वजीराबाद जलाशय में आता है जहां से वजीराबाद, चंद्रावल और ओखला के जल शोधन संयंत्रों को इसकी आपूर्ति की जाती है। उन्होंने कहा, "अगर पानी नहीं मिलेगा तो जल शोधन संयंत्र कैसे काम करेंगे? दिल्ली के लोग चिंतित हैं, इसलिए हम हरियाणा से अपील करते हैं कि उन्हें यमुना नदी में पानी छोड़ना चाहिए क्योंकि जब तक वे यमुना में पानी नहीं छोड़ेंगे, दिल्ली में लगातार पानी की कमी बनी रहेगी।"
Jun 18, 2024 | 05:45 AM IST

गुजरात पुलिस ने चरस के 87 पैकेट बरामद किए

गुजरात के कच्छ और पोरबंदर जिलों में पिछले कुछ दिनों में समुद्र तट पर बहकर आए चरस के 87 पैकेट बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि पिछले तीन दिनों में कच्छ जिले में 40 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की चरस के 81 पैकेट बरामद किए गए, जिनमें से 40 पैकेट सोमवार को बरामद किए गए। पोरबंदर में पुलिस ने सोमवार को तटीय गांव ओदादर से गांजा के आधा दर्जन पैकेट बरामद किए।