LIVE
शहरों के मुख्य समाचार, 15 मई 2024 Highlights: कानपुर में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, पीएम मोदी के दौरे को लेकर मुंबई में ड्रोन, पैराग्लाइडर और गुब्बारों के इस्तेमाल पर रोक
शहरों के मुख्य समाचार, आज के ताजा समाचार 15 मई 2024 Highlights: राजस्थान के नीमकाथाना जिले में हिंदुस्थान कॉपर लिमिटेड की खदान में कर्मियों की आवाजाही के लिए इस्तेमाल होने वाली लिफ्ट की रस्सी टूट गई, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज कांग्रेस के समर्थन में रोड शो करेंगे, मौसम विभाग ने एमपी के 31 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी भी जारी की है। इनके अलावा राज्यों के प्रमुख समाचार ये हैं :
MAY 15, 2024 20:31 IST
प्रतापगढ़ में मलबे में दबने से मां-बेटे की मौत
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कंधई क्षेत्र में बुधवार को एक ईंट भट्ठे पर बनी सीमेंट की टंकी के अचानक ढह जाने से उसके मलबे में दबकर एक महिला और उसके बेटे की मौत हो गयी। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
MAY 15, 2024 20:14 IST
कृष्ण जन्मभूमि मामले में सुनवाई जारी रहेगी
मथुरा स्थित कृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह विवाद मामले में बुधवार को हिंदू पक्ष ने दलील दी कि यह संपत्ति एक हजार साल से अधिक समय से भगवान कटरा केशव देव की है और सोलहवीं शताब्दी में भगवान कृष्ण के जन्म स्थल को ध्वस्त कर ईदगाह के तौर पर एक चबूतरे का निर्माण कराया गया था।
MAY 15, 2024 18:55 IST
मालवानी जहरीली शराब कांड: चार दोषियों को 10-10 साल सश्रम कारावास की सजा
मुंबई के मालवानी इलाके में 2015 में दौरान जहरीली शराब पीने से 100 से अधिक लोगों की हुई मौत से जुड़े मामले में दोषी ठहराए गए चार आरोपियों को अदालत ने बुधवार को 10-10 साल सश्रम कारावास की सजा सुनाई।
MAY 15, 2024 16:36 IST
कानपुर में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, पढ़ें पूरी खबर
MAY 15, 2024 15:32 IST
पूर्वी दिल्ली में कागज के ‘अवैध' गोदाम में लगी आग, एक व्यक्ति की मौत
र्वी दिल्ली क्षेत्र में बुधवार को कागज के एक ‘अवैध’ गोदाम में आग लगने से 45 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गयी। दिल्ली अग्निशमन सेवा के अधिकारियों (डीएफएस) ने यह जानकारी दी।
MAY 15, 2024 15:29 IST
न्यायालय ने अब्बास अंसारी को मुख्तार अंसारी की प्रार्थना सभा में शामिल होने की अनुमति दी
) उच्चतम न्यायालय ने जेल में बंद विधायक अब्बास अंसारी को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर स्थित उसके आवास पर 10 जून को अपने दिवंगत पिता मुख्तार अंसारी की याद में आयोजित होने वाली एक प्रार्थना सभा में शामिल होने की बुधवार को अनुमति दे दी।न्यायमूर्ति सूर्यकांत और न्यायमूर्ति के. वी. विश्वनाथन की पीठ ने अब्बास अंसारी को 11 जून और 12 जून को पुलिस हिरासत में अपने परिवार के साथ समय बिताने की भी अनुमति दी और राज्य पुलिस को इस संबंध में व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
MAY 15, 2024 15:28 IST
मोदी का मुंबई दौरा: ड्रोन, पैराग्लाइडर और गुब्बारों के इस्तेमाल पर रोक
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मुंबई यात्रा की योजना के मद्देनजर पुलिस ने शहर में ड्रोन, पैराग्लाइडर, गुब्बारे, पतंग और रिमोट से नियंत्रित माइक्रोलाइट विमानों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
MAY 15, 2024 13:33 IST
आंध्र प्रदेश : सड़क हादसे में छह लोगों की मौत
आंध्र प्रदेश के पालनाडु जिले में चिलकलुरिपेट के पास एक निजी बस के ट्रक से टकरा जाने के बाद उसमें आग लगने से छह लोगों की झुलसकर मौत हो गई।
MAY 15, 2024 10:35 IST
बेंगलुरु में इस सप्ताह होगी बारिश
बेंगलुरु में मौसम के मिजाज बदलने वाले हैं। मौसम विभाग ने बेंगलुरु में इस सप्ताह बारिश या गरज चमक के साथ बौछार पड़ने की संभावना जताई है। इस दौरान आंधी चलने के भी आसार है।
MAY 15, 2024 09:45 IST
समस्तीपुर में नदी में डूबे तीन जवान
बिहार के समस्तीपुर में चुनाव ड्यूटी पर आये असम राइफल्स के तीन जवान नदी में डूब गये। जिनमें से दो को स्थानीय लोगों ने बचा लिया। वहीं तीसरे जवान की तलाश जारी है।
MAY 15, 2024 09:41 IST
यूपी में 10 अधिवक्ताओं को अवमानना के नोटिस जारी
एक अहम घटनाक्रम में दीवानी मामलों के न्यायाधीश के चैंबर के भीतर वादकारियों पर हमले की घटना को गंभीरता से लेते हुए इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने 10 अधिवक्ताओं को आपराधिक अवमानना का नोटिस जारी किया है और साथ ही उन्हें जिला अदालत परिसर में प्रवेश करने से रोक दिया है। जिला न्यायाधीश की रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद अदालत ने यह कार्रवाई की है। इससे पूर्व, 30 अप्रैल को अदालत ने दो अधिवक्ताओं को इसी घटना में उनकी संलिप्तता के लिए जिला अदालत परिसर में प्रवेश करने से रोक दिया था।
MAY 15, 2024 09:41 IST
डंपर ट्रक की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत
बलिया कोतवाली थाना क्षेत्र में एक डंपर ट्रक की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई। बलिया कोतवाली के प्रभारी संजय सिंह ने बुधवार को बताया कि शहर कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर मोहल्ले में मंगलवार देर रात लगभग डेढ़ बजे एक पेट्रोल पंप के पास खड़े ट्रक में दूसरे डंपर ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि इस हादसे में तीन लोगों मोहित कुमार (24), जितेंद्र यादव (25) और गुड्डू यादव (26) की मौके पर ही मौत हो गई।
MAY 15, 2024 07:47 IST
यूपी के कई जिलों में 16 मई को हीटवेव का अलर्ट
MAY 15, 2024 07:45 IST
दिल्ली में ‘सीवर लाइन' की सफाई करते समय एक व्यक्ति की मौत
दिल्ली के एक मॉल में ‘सीवर लाइन’ की सफाई के दौरान डूबने से 32 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि एक अन्य व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान हरे कृष्ण प्रसाद के रूप में हुई है और घायल की पहचान सागर (20) के रूप में की गई है।
MAY 15, 2024 06:43 IST
यमुना एक्सप्रेसवे पर चार वाहनों की टक्कर, एक की मौत
उत्तर प्रदेश के नोएडा में थाना दनकौर क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेसवे पर चार वाहन एक-दूसरे से टकरा गए, जिसके कारण एक व्यक्ति की मौत हो गयी जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।थाना दनकौर के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार देर रात करीब दो बजे यमुना एक्सप्रेसवे पर आगरा से ग्रेटर नोएडा की तरफ आते समय चार वाणिज्यिक वाहन आपस में टकरा गए।
MAY 15, 2024 05:55 IST
राजस्थान में हिंदुस्तान कॉपर की खदान में बड़ा हादसा
राजस्थान के नीमकाथाना जिले में हिंदुस्थान कॉपर लिमिटेड की खदान में मंगलवार रात को बड़ा हादसा हो गया। यहां कर्मियों की आवाजाही के लिए इस्तेमाल होने वाली लिफ्ट की रस्सी टूट गई। जिसके कारण करीब 14 लोग खदान में फंस गए हैं। एक बचाव दल कर्मियों तक पहुंच गया है। पुलिस ने कहा कि कर्मियों को बाहर निकालने का प्रयास जारी है।
MAY 15, 2024 05:46 IST
दिल्ली सीएम आज कांग्रेस के समर्थन में करेंगे रोड शो
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज कांग्रेस के समर्थन में रोड शो करेंगे। वे तीन प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो करने वाले हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव के अनुसार चांदनी चौक लोकसभा सीट से उम्मीदवार जयप्रकाश अग्रवाल, उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट से प्रत्याशी कन्हैया कुमार और उत्तर पश्चिमी दिल्ली सीट से उम्मीदवार उदित राज के समर्थन में केजरीवाल रोड शो करेंगे।
MAY 15, 2024 05:45 IST
मध्य प्रदेश के 31 जिलों में बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट
मध्य प्रदेश के कई जिलों में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने एमपी के 31 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी भी जारी की है। प्रदेश में 16 मई तक आंधी-बारिश का दौर जारी रहने वाला है।
MAY 15, 2024 05:45 IST
चार धाम यात्रा में पांच दिन में बना नया रिकॉर्ड
चार धाम यात्रा शुरू होने के बाद पांच दिन में ही नया रिकॉर्ड बन गया है। पांच दिन में यहां 2.50 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे हैं। पिछले साल की तुलना में यह संख्या 1.15 लाख से अधिक है।
MAY 15, 2024 05:45 IST
सेवानिवृत्त मेजर जनरल से 37.68 लाख की ठगी
नोएडा में पार्सल में मादक पदार्थ और कई पासपोर्ट की बात कहकर जालसाजों ने सेना के सेवानिवृत्त मेजर जनरल के साथ 37.68 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर अपराध थाने में की है। पुलिस ने अज्ञात जालसाजों के खिलाफ धोखाधड़ी और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि करीब 47 मिनट तक पीड़ित को जालसाजों ने ''डिजिटल अरेस्ट'' करके रखा।
