Greater Noida Child Death: इन दिनों लापरवाही के चलते कभी कोई व्यक्ति नाले में गिरकर जान गंवा रहा है तो कभी खुले गड्ढे हादसों का कारण बन रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है। इसी बीच ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली इलाके के दलेलगढ़ गांव से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है।
ग्रेटर नोएडा में खुले गड्ढे ने ली मासूम की जान
बताया जा रहा है कि, यहां एक गहरे गड्ढे में गिरने से तीन साल के मासूम की डूबकर मौत हो गई। इस हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव के लोगों में भी गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है। दनकौर कोतवाली के प्रभारी मुनेंद्र सिंह से मिली जानकारी के मुताबिक, परिजनों ने बच्चे का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया है। उनका कहना है कि अगर इस संबंध में कोई शिकायत प्राप्त होती है तो मामले की जांच कर नियमानुसार उचित कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
गहरे गड्ढे में जा गिरा मासूम
जानकारी के मुताबिक दलेलगढ़ गांव निवासी अनिल की बेटी अंजलि कुछ दिन पहले ही अपने ससुराल सिकंदराबाद से मायके आई थी। वह अपने तीन साल के बेटे देवांश और बेटी को भी साथ लाई थी। रविवार को घर के नजदीक स्थित मंदिर में भंडारे का कार्यक्रम आयोजित था, जिसमें परिवार और आसपास के लोग व्यस्त थे। इसी दौरान खेलते हुए मासूम देवांश पास में सरकारी जमीन पर बने पानी से भरे गहरे गड्ढे में जा गिरा।
परिवार में पसरा मातम
बताया जा रहा है कि, जब काफी समय तक देवांश दिखाई नहीं दिया तो अंजलि घबरा उठी। इसके बाद परिवार और आसपास के लोग उसे ढूंढने में जुट गए। तलाश के दौरान वह पास के गड्ढे में भरे पानी में मिला। परिजन तुरंत उसे बाहर निकालकर अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और मासूम दम तोड़ चुका था। इस दर्दनाक हादसे से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने नहीं उठाया ठोस कदम
ग्रामीणों के अनुसार यह गड्ढा काफी समय से बिना ढके पड़ा था और बारिश होने के बाद उसमें पानी भर गया था, जिससे खतरा और बढ़ गया। उनका कहना है कि सेक्टर-150 में हुए हादसे के बाद भी उन्होंने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को पत्र लिखकर ऐसे जोखिम भरे गड्ढों को तुरंत भरवाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की थी, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
