Noida News: उत्तर प्रदेश के नोएडा में सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन के पास एक 29 वर्षीय युवक नाले में कूद गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और युवक की तलाश में सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
नाले में युवक की तलाश में जुटी रेस्क्यू टीम
पारिवारिक विवाद से परेशान था युवक
नोएडा के CFO प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस को डायल-112 के जरिए मेट्रो स्टेशन के पास नाले में एक व्यक्ति के कूदने की सूचना मिली थी। इसके बाद थाना-39 पुलिस, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। अधिकारी के मुताबिक, युवक की पहचान 29 वर्षीय रवि के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उसने पारिवारिक विवाद के चलते खुद नाले में छलांग लगाई।
NDRF और SDRF की टीमें भी मौके पर
CFO ने बताया कि राहत और बचाव अभियान के लिए NDRF और SDRF की टीमों को भी बुलाया गया है। फिलहाल NDRF, SDRF और फायर सर्विस की टीमें स्थानीय पुलिस की मदद से नाले में युवक की तलाश कर रही हैं। अधिकारी ने कहा कि इस समय प्राथमिकता युवक को तलाशना और सुरक्षित बाहर निकालना है। इसके लिए उपलब्ध सभी संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। युवक की स्थिति और उसके बारे में आगे की जानकारी रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद सामने आएगी।
